Darbhanga News: वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने शनिवार को बहेड़ा थाना का वार्षिक निरीक्षण कर थाना की प्रशासनिक व्यवस्था और विधि-व्यवस्था संबंधी कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने विभिन्न अभिलेखों की जांच करते हुए पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
विभिन्न अभिलेखों और रजिस्टरों की हुई जांच
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने दागी पंजी, अपराध पंजी, जेल से छूटे अपराधियों की पंजी, केस डिस्पोजल, दैनिकी, ओडी पंजी, गुंडा पंजी, अपराध अनुसंधान पंजी, हाजत पंजी, गिरफ्तारी पंजी तथा पीसी रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों की विस्तार से जांच की.
लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन पर दिया जोर
एसएसपी ने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार पर विशेष जोर दिया. पीसी रजिस्टर की समीक्षा के दौरान उन्होंने समन, बीडब्ल्यू, एनबीडब्ल्यू, इश्तिहार एवं कुर्की के निष्पादन की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिया कि समन, बीडब्ल्यू और एनबीडब्ल्यू की प्राप्ति के 15 दिनों के भीतर तथा इश्तिहार एवं कुर्की की प्राप्ति के तीन दिनों के भीतर तामिला सुनिश्चित किया जाए.
साफ-सफाई, गश्ती और छापेमारी बढ़ाने के निर्देश
एसएसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा हाजत सुरक्षा का भी निरीक्षण किया. उन्होंने सभी अनुसंधानकर्ताओं को दैनिक रिपोर्ट तैयार करने, कांड दैनिकी अद्यतन रखने, नशेड़ियों के विरुद्ध नियमित छापेमारी चलाने और स्कूल-कॉलेजों के आसपास लगातार गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया.
कई पुलिस पदाधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी, एसडीपीओ वासुकीनाथ झा, थानाध्यक्ष पंकज कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे.
