पंजाब में मजदूरी करते हैं पिता, बेटा BPSC पास कर बना अधिकारी, सेल्फ स्टडी से हासिल की सफलता

दरभंगा के अलीनगर प्रखंड स्थित श्यामपुर गांव के बेचन कुमार मुखिया ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में 1693वीं रैंक हासिल कर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी पद प्राप्त किया है. मजदूर पिता के बेटे बेचन ने सेल्फ स्टडी के दम पर यह सफलता हासिल की.

दरभंगा, अलीनगर से एम ए सारिम की रिपोर्ट

70th BPSC Result: दरभंगा जिले के अलीनगर प्रखंड अंतर्गत श्यामपुर गांव के बेचन कुमार मुखिया ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में सफलता हासिल कर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन किया है. उन्हें 1693वीं रैंक मिली है और उनका चयन प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (Supply Officer) पद के लिए हुआ है.

उनकी सफलता के बाद पूरे गांव में खुशी का माहौल है. परिजन, ग्रामीण और शुभचिंतक लगातार उनके घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं.

मजदूर पिता और गृहिणी मां के बेटे ने रचा इतिहास

बेचन कुमार के पिता रामदेव मुखिया पंजाब में मजदूरी करते हैं, जबकि उनकी मां बुच्ची दाई देवी गृहिणी हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने बच्चों की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी.

बेचन तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े हैं. उनके छोटे भाई गंगानंद मुखिया स्नातक तृतीय सेमेस्टर में, कमल मुखिया 11वीं कक्षा में और बहन द्रौपदी कुमारी भी 11वीं में पढ़ाई कर रही हैं.

यह भी पढ़ें: 70th BPSC Result: मुजफ्फरपुर की जया कुमारी बनीं DSP, सफलता की लगाई हैट्रिक

सेल्फ स्टडी के दम पर पहली कोशिश में सफलता

बेचन कुमार ने वर्ष 2017 में बीडीवाई हाई स्कूल पोहद्दी बेला से मैट्रिक और 2019 में जनता इंटर महाविद्यालय कोरथु से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने सीएम आर्ट्स कॉलेज, दरभंगा से स्नातक किया.

स्नातक के बाद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की. कोचिंग के बजाय उन्होंने मुख्य रूप से सेल्फ स्टडी पर भरोसा किया और जरूरत पड़ने पर ऑनलाइन माध्यमों की मदद ली.

पहले ही प्रयास में 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर उन्होंने अपनी मेहनत का शानदार परिणाम प्राप्त किया.

गांव के दूसरे BPSC अधिकारी बने बेचन

ग्रामीणों के अनुसार इससे पहले 67वीं बीपीएससी परीक्षा में श्यामपुर गांव के देश कुमार यादव पंचायती राज पदाधिकारी बने थे. अब बेचन कुमार गांव के दूसरे युवक हैं जिन्होंने बीपीएससी परीक्षा पास कर अधिकारी बनने का गौरव हासिल किया है. उनकी सफलता को गांव के युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है.

यह भी पढ़ें: 70th BPSC Result: शाहपुर पटोरी के तीन युवाओं ने बढ़ाया समस्तीपुर का मान

ग्रामीणों ने किया सम्मानित

रविवार को गांव पहुंचने पर जन कल्याणकारी सह शिक्षा विकास मंच, श्यामपुर की ओर से बेचन कुमार और उनकी मां बुच्ची दाई देवी का सम्मान किया गया.

मंच के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने उन्हें पाग, माला और गमछा देकर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं. ग्रामीणों ने कहा कि बेचन की सफलता गांव की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी.

यह भी पढ़ें: 70th BPSC Result: शिवहर के अबू जरशैबान बने BDO, IIT से प्रशासनिक सेवा तक का सफर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >