औरंगाबाद के गोह से मणिकांत पांडेय की रिपोर्ट
Cow Miracle News: औरंगाबाद जिले के गोह प्रखंड अंतर्गत भवानीपुर गांव में इन दिनों एक अनोखी घटना लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. ग्रामीणों का दावा है कि करीब 15 माह की एक कुंवारी बाछी पिछले 12 जून से दूध दे रही है. इस दावे के बाद आसपास के कई गांवों से लोग बाछी को देखने और उसके दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. कई ग्रामीण इसे ‘धेनु गाय’ का स्वरूप मानकर पूजा-अर्चना भी कर रहे हैं.
शिवलिंग पर चढ़ाया जा रहा है दूध
बाछी से निकाले जा रहे दूध को ग्रामीण स्नान-ध्यान के बाद गांव के शिवालय में भगवान शिव के शिवलिंग पर अर्पित कर रहे हैं. गांव में इस घटना के बाद धार्मिक माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन पहुंच रहे हैं.
बाछी को बेचने की हो रही थी तैयारी
बाछी के मालिक सुदर्शन यादव ने बताया कि उनकी गाय की तबीयत खराब होने पर गांव के चिकित्सक डॉ. सरदार कुमार यादव इलाज के लिए पहुंचे थे. उसी दौरान परिवार में बाछी को बेचने की चर्चा चल रही थी. उनका दावा है कि उसी रात बाछी के थन विकसित हो गए और दूध निकलना शुरू हो गया.
मीडिया टीम ने मौके पर देखा दूध निकालने का दावा
ग्रामीणों के अनुसार, कई लोगों की मौजूदगी में बाछी का दूध निकाला गया. मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि उन्होंने स्वयं यह दृश्य देखा. हालांकि इस घटना की किसी सरकारी पशु चिकित्सा विभाग या वैज्ञानिक संस्था से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
ग्रामीणों में आस्था और उत्सुकता
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार ऐसा देखा है. महिलाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में लोग बाछी को देखने पहुंच रहे हैं. कई लोग इसे दैवीय घटना मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे दुर्लभ प्राकृतिक घटना बता रहे हैं.
विशेषज्ञों की राय का इंतजार
पशु चिकित्सा विज्ञान के अनुसार कुछ दुर्लभ हार्मोनल या चिकित्सीय कारणों से बिना बियाई मादा पशु में भी दूध बनने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है. ऐसे मामलों की पुष्टि चिकित्सकीय जांच के बाद ही की जा सकती है. फिलहाल इस मामले में पशुपालन विभाग की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
इसे भी पढ़ें: अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में पटना रेफर
