Buxar News : बारिश के मौसम को देखते हुए युवा चेतना संगठन की ओर से शनिवार को शहर के गोलंबर पर गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच छाता वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने 90 वर्षीय वृद्ध महिला को छाता देकर की. इस दौरान बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों के बीच छाते वितरित किये गये.
कमजोर और वंचित वर्ग के साथ खड़ा है संगठन
रोहित कुमार सिंह ने कहा कि कमजोर, पिछड़े, दलित, वंचित, पीड़ित, शोषित और आर्थिक रूप से विपन्न लोगों के साथ युवा चेतना पूरी ताकत से खड़ी है. उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की मदद करना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसी उद्देश्य से विभिन्न स्तरों पर सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं.
लालू-तेजस्वी पर निशाना, बोले- झूठे वादों में नहीं आयेगी जनता
कार्यक्रम के दौरान रोहित कुमार सिंह ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बिहार की बर्बादी के लिए लालू-तेजस्वी जिम्मेदार हैं और उनके झूठे वादों में अब जनता आने वाली नहीं है. उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय जनता दल का पतन हो चुका है.
समान शिक्षा के लिए कश्मीर से किशनगंज तक अभियान
रोहित सिंह ने कहा कि राष्ट्रपति हो या चपरासी की संतान, सभी को समान शिक्षा का अधिकार मिलना चाहिए. इसी विचार को साकार करने के लिए युवा चेतना कश्मीर से किशनगंज तक अभियान चला रही है. उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति से परिवारवाद को समाप्त करना उनके जीवन का लक्ष्य है.
युवाओं से 2047 तक भारत को विश्वगुरु बनाने का आह्वान
उन्होंने कहा कि वह सांसद या विधायक बनने के लिए नहीं, बल्कि गरीब वर्ग के उत्थान के उद्देश्य से राजनीति में आये हैं. उन्होंने युवाओं से संगठित होकर काम करने और वर्ष 2047 से पहले भारत को विश्वगुरु बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में अभिराम त्रिपाठी, राजेंद्र पासवान, शिवपाल यादव, जितेंद्र कुशवाहा, निखिल पांडे, अजय दांगी, मोहन सिंह, राजेंद्र नाथ, सैफ नवाज, मोहम्मद मुस्ताक समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.
