बक्सर में विश्व उद्यमिता दिवस पर 8 उद्यमी सम्मानित, DM ने युवाओं से कहा- उद्योग की ओर बढ़ें

डुमरांव के वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय में विश्व उद्यमिता दिवस पर कार्यशाला आयोजित, 8 उत्कृष्ट उद्यमियों को डीएम ने किया सम्मानित।

Buxar News : स्टार्टअप सेल, वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय, डुमरांव और जिला उद्योग केंद्र, बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को विश्व उद्यमिता दिवस उत्सव के रूप में मनाया गया. इस अवसर पर ‘उद्योगों को बढ़ावा एवं बाजार उपलब्धता’ विषय पर कार्यशाला आयोजित की गयी. कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी साहिला थीं.

डीएम ने युवाओं को उद्योग लगाने के लिए किया प्रेरित

कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता फरखन्दा कुरैशी, एसडीसी रवि बहादुर, जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक ज्योत्सना वर्मा और महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पारस नाथ मौजूद रहे. अतिथियों ने छात्र-छात्राओं और उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने के लिए प्रेरित किया. वक्ताओं ने कहा कि युवा नौकरी तलाशने के साथ अपने हुनर और विचारों के दम पर रोजगार देने वाला बनने की दिशा में भी आगे बढ़ें.

बक्सर के 8 सफल उद्यमियों को मिला सम्मान

कार्यक्रम के दौरान बक्सर जिले में उद्योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 8 उद्यमियों को डीएम साहिला ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. सम्मान पाने वालों में विवेक कुमार-रिसाईकल बाजार, दिव्या प्रियम-भारत हाईजेनिक्स, पुष्पा देवी-तुलसी एग्रो, संतोष कुमार-शिव दुर्गा ट्रेडर्स, संजीत कुमार राय-संजीत एग्रो, मो. मेराज-लजीज बेकरी, जितेंद्र कुमार-डाल्फीन प्रेस और भानु प्रताप सिंह-सोम शक्ति पशु आहार शामिल हैं.

छात्रों को बतायी उद्योग शुरू करने की प्रक्रिया

कार्यक्रम में विवेक कुमार और दिव्या प्रियम ने छात्र-छात्राओं से अपने अनुभव साझा किए. उन्होंने उद्योग शुरू करने की प्रक्रिया, बाजार की संभावनाओं और कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी रणनीतियों की जानकारी दी. विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर उद्यम शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया गया.

नये विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम शुरू

कार्यशाला के साथ 2026-27 सत्र में नामांकित नये छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया. स्टार्टअप सेल प्रभारी डॉ. चंद्रशेखर प्रभाकर ने बताया कि कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, वैज्ञानिक, उद्यमी और करीब 200 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया. राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, बक्सर के छात्र-शिक्षक भी कार्यक्रम में शामिल हुए.

कार्यक्रम के अंत में जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक ज्योत्सना वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विनीत कुमार मिश्रा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >