सड़क हादसे में घायल शिक्षिका की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत

जनगणना ड्यूटी के दौरान बाइक से गिर गयी थी शिक्षिका

ब्रह्मपुर.

जनगणना के कार्य में तैनात एक शिक्षिका की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतका की पहचान सोनम कुमारी के रूप में हुई है, जो पूर्णिया जिले के डगरुआ प्रखंड स्थित माध्यमिक विद्यालय डुमरा में पदस्थापित थीं. सोनम कुमारी मूल रूप से बक्सर जिले के ब्रह्मपुर प्रखंड के ग्राम एकराशी (थाना बगेन गोला) की निवासी थीं. वे रवि चंदन की पत्नी और राजेश कुमार सिंह की पुत्रवधू थीं. उनकी नियुक्ति बीपीएससी के माध्यम से हुई थी. जानकारी के अनुसार छह मई को शिक्षिका सोनम कुमारी मकान सूचीकरण कार्य के लिए प्रतिनियुक्त सुपरवाइजर राजेंद्र कुमार के साथ मोटरसाइकिल से जा रही थीं. वे अपने क्षेत्र के नक्शे के अनुसार घरों को चिह्नित करने के लिए निकली थीं. इसी दौरान अचानक ब्रेक लगने के कारण वे मोटरसाइकिल से गिर गयीं, जिससे उनके सिर के मध्य भाग में गंभीर चोट आयी. दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय नागरिकों और साथी शिक्षकों की मदद से उन्हें जिला स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती होने के 24 घंटे के भीतर ही, 8 मई 2026 को अहले सुबह 2 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली. इस आकस्मिक निधन से शिक्षक समुदाय और उनके पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEVENDRA DUBEY

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >