Buxar News : (संतोष कांत की रिपोर्ट) ब्रह्मपुर अंचल के दक्षिणी नैनीजोर पंचायत स्थित बदलैया टोला (वार्ड नंबर-9) में मंगलवार दोपहर अचानक लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी. तेज हवा के के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और करीब एक दर्जन घरों को अपनी चपेट में ले लिया.
इस घटना में तेज नारायण यादव, राजकुमार यादव, सूर्यकुमार यादव, परशुराम यादव, गजाधर यादव और ब्रज कुमार यादव सहित कई ग्रामीणों के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए. वहीं आग की चपेट में आने से एक भैंस की झुलसकर मौत हो गई, जबकि आंगन में खड़ी एक मोटरसाइकिल भी जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई.
अचानक लगी आग और फैलती चली गयी
जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय अधिकांश लोग अपने घरों या खेतों में थे, तभी एक घर से अचानक आग की चिंगारी उठी. तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और सूखी फूस की छतों व कड़बी के ढेरों के कारण कुछ ही मिनटों में पूरे टोले को अपनी चपेट में ले लिया.
आगजनी में घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, गहने, बिस्तर और नगदी तक जलकर राख हो गई। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. प्रभावित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है.
ग्रामीणों और दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण बाल्टी और पंपसेट लेकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए. वहीं स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया.
यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो पूरा टोला इसकी चपेट में आ सकता था.
प्रशासनिक टीम मौके पर, राहत कार्य शुरू
सूचना मिलने पर ब्रह्मपुर अंचल प्रशासन की टीम और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे. राजस्व कर्मचारी ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और पीड़ित परिवारों की सूची तैयार की जा रही है.
प्रशासन की ओर से बताया गया कि पीड़ितों को तत्काल तिरपाल, प्लास्टिक शीट और खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है. साथ ही मृत मवेशी और मकान क्षति की रिपोर्ट जिला मुख्यालय भेजी जा रही है, ताकि आपदा प्रबंधन कोष से मुआवजा दिया जा सके.
ग्रामीणों ने की त्वरित राहत की मांग
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बेघर हुए परिवारों के लिए तुरंत सामुदायिक रसोई की व्यवस्था की जाए और राहत राशि बिना देरी के उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रभावित लोग इस संकट की घड़ी में राहत पा सकें.
Also Read : Hajipur News : खेत से लौट रहे किसान को बाइक ने रौंदा, मौके पर मचा हड़कंप
