Buxar News : डुमरांव पावर ग्रिड में लगा 80 एमवीए का मुख्य ट्रांसफार्मर तकनीकी खराबी के कारण ठप हो गया है. इसके चलते डुमरांव, सिमरी, ब्रह्मपुर समेत अनुमंडल के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है. पिछले दो दिनों से बिजली की आंख-मिचौली और लो वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
बिजली संकट से किसानों की बढ़ी चिंता
बिजली आपूर्ति प्रभावित होने का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ा है. धान की फसल में पटवन नहीं हो पाने से किसान परेशान हैं. वहीं उमस भरी गर्मी में लगातार बिजली कटौती के कारण आम लोगों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं. ग्रामीण इलाकों में लोग बिजली की नियमित आपूर्ति बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं.
भाजपा प्रवक्ता ने जताया आक्रोश
स्थिति को गंभीर देखते हुए भाजपा जिला प्रवक्ता अनु तिवारी ने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता से वार्ता कर नाराजगी जताई. उन्होंने खराब ट्रांसफार्मर को जल्द से जल्द दुरुस्त करने या वैकल्पिक व्यवस्था कर बिजली आपूर्ति सामान्य कराने की मांग की.
व्यवस्था नहीं सुधरी तो आंदोलन की चेतावनी
अनु तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो भाजपा कार्यकर्ता उपभोक्ताओं के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे. उन्होंने कहा कि बिजली संकट के कारण किसानों और आम उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.
युद्धस्तर पर मरम्मत का दावा
इधर विद्युत विभाग का कहना है कि 80 एमवीए के ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए तकनीकी टीम जुटी हुई है. विभाग के अनुसार मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है और जल्द ही बिजली आपूर्ति व्यवस्था सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है.
