Buxar News : हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शनिवार को बक्सर में राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 उत्साह के साथ मनाया गया. जिला खेल कार्यालय के तत्वावधान में जिले के विभिन्न स्थानों और विद्यालयों में खेल प्रतियोगिताओं के साथ शारीरिक फिटनेस गतिविधियां आयोजित की गयीं. इसमें खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और खेलप्रेमियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
वूशु से कबड्डी तक, खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर
इंडोर बैडमिंटन हॉल, कला भवन और एमपी उच्च विद्यालय में आयोजित प्रतियोगिताओं में वूशु, जूडो, बैडमिंटन, खो-खो, कबड्डी, शतरंज और वॉलीबॉल के मुकाबले हुए. खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेलों में अपनी प्रतिभा, तकनीक और शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन किया.
कबड्डी में फुर्ती, शतरंज में दिखी रणनीति
कबड्डी के मैदान में खिलाड़ियों ने फुर्ती और टीम रणनीति से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया. वहीं शतरंज में खिलाड़ियों ने अपनी सूझबूझ और रणनीतिक क्षमता का परिचय दिया. बैडमिंटन और वॉलीबॉल के मुकाबलों में भी खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से खेल परिसर का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा.
वूशु-जूडो खिलाड़ियों ने दिखायी तकनीकी दक्षता
वूशु और जूडो के खिलाड़ियों ने विभिन्न तकनीकों और शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन किया. प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना. आयोजकों की ओर से खेलों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया.
स्कूलों में चला ‘एक घंटा मैदान में’ अभियान
जिले के विभिन्न विद्यालयों में ‘एक घंटा मैदान में’ अभियान के तहत खेल और फिटनेस गतिविधियां आयोजित की गयीं. विद्यार्थियों को नियमित व्यायाम, खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया.
जिले में खेल संस्कृति मजबूत करना उद्देश्य
जिला खेल कार्यालय के अनुसार राष्ट्रीय खेल दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें नियमित शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना है. साथ ही जिले में खेल संस्कृति को मजबूत कर प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना भी आयोजन का उद्देश्य रहा.
