Buxar News : चौसा मुफ्फसिल थाना पुलिस ने शुक्रवार की रात बड़े अधिकारियों के निर्देश पर विशेष समकालीन अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की. अभियान के दौरान थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बाइक लूट के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी समेत कुल 16 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया. शनिवार को सभी आरोपियों को आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया.
बाइक लूट मामले का फरार आरोपी दबोचा गया
अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि महदह गांव से मनमोहन चौहान उर्फ मोहन चौहान को गिरफ्तार किया गया. उसके खिलाफ वर्ष 2023 में बक्सर-इटाढ़ी मार्ग स्थित डीएवी स्कूल के पास बाइक लूट और छिनैती का मामला दर्ज है. घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी.
मारपीट और चोरी के मामलों के 15 अन्य वारंटी भी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने महदह, नदाव, चौसा, बनारपुर समेत विभिन्न गांवों में छापेमारी कर अलग-अलग मामलों में वांछित 15 अन्य वारंटियों को भी गिरफ्तार किया. इन सभी के खिलाफ मारपीट, चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में न्यायालय से वारंट जारी था.
अभियान आगे भी रहेगा जारी
पुलिस ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए विशेष समकालीन अभियान आगे भी लगातार चलाया जाएगा. फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी अभियान तेज किया जाएगा.
