डमरांव में बिजली संकट से जूझ रहे किसान, रोपनी के समय ट्रांसफार्मर खराब, आंदोलन की चेतावनी

डुमरांव के मसहरियां पंचायत में बिजली संकट और खराब ट्रांसफार्मर से धान की रोपनी प्रभावित, किसानों ने प्रशासन से की तत्काल सुधार की मांग।

Buxar News : डुमरांव अनुमंडल के चौगाई प्रखंड अंतर्गत मसहरियां पंचायत में धान रोपनी के अहम समय पर किसानों को गंभीर बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है. ट्रांसफार्मर खराब होने, जर्जर तार और अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण सिंचाई कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है. इससे नाराज किसानों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है और चेतावनी दी है कि समस्या जल्द नहीं सुलझी तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे.

स्थानीय किसान प्रतिनिधि और भावी मुखिया सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में दर्जनों किसानों ने इस समस्या को लेकर ऑनलाइन हस्ताक्षरयुक्त आवेदन जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपा है. किसानों का कहना है कि समय पर बिजली नहीं मिलने से उनकी फसल पर सीधा असर पड़ रहा है.

कई गांवों में ट्रांसफार्मर खराब, सिंचाई ठप

किसानों के अनुसार ओझाबराव, मसहरियां और फफदर गांव में कई ट्रांसफार्मर लंबे समय से खराब पड़े हैं. इससे पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है और खेतों तक पानी पहुंचाना मुश्किल हो गया है. किसानों ने इन इलाकों में 25 केवी और 63 केवी क्षमता के नए ट्रांसफार्मर तत्काल लगाने की मांग की है.

धान रोपनी का यह समय किसानों के लिए सबसे अहम होता है. ऐसे में बिजली की कमी ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है. कई किसान मजबूरी में महंगे साधनों का सहारा ले रहे हैं.

जर्जर तार बने खतरा, नए तार लगाने की मांग

मसहरियां गांव में बिजली के पोल तो लगाए गए हैं, लेकिन अब तक एलटी तार नहीं लगाए गए हैं. वहीं कई जगहों पर पुराने और जर्जर तार लटक रहे हैं, जो कभी भी टूटकर गिर सकते हैं. इससे जान-माल का खतरा भी बना हुआ है.

किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द जर्जर तारों को बदला जाए और जहां जरूरत है वहां नए तार लगाए जाएं, ताकि सुरक्षित और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके.

बिजली नहीं तो बढ़ रहा खर्च और नुकसान

किसानों का कहना है कि बिजली नहीं मिलने से सिंचाई बाधित हो रही है, जिससे फसल की पैदावार प्रभावित होने का खतरा है. उन्हें निजी साधनों से पानी देना पड़ रहा है, जिससे लागत बढ़ रही है और आर्थिक नुकसान हो रहा है.

उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी गंभीर समस्या के बावजूद बिजली विभाग और प्रशासन अब तक खुद संज्ञान क्यों नहीं ले रहा है.

आंदोलन की चेतावनी

भावी मुखिया सुधीर कुमार सिंह ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि जल्द ही ट्रांसफार्मर बदले नहीं गए, एलटी तार नहीं लगाए गए और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो किसान आंदोलन करने को मजबूर होंगे.

इस ज्ञापन पर सुरेंद्र सिंह, मदन सिंह, विमल कुमार, राजेंद्र कुमार, अश्वनी कुमार, गोरख कुशवाहा समेत दर्जनों किसानों के हस्ताक्षर हैं. किसानों को अब प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है, ताकि समय रहते उनकी फसल बचाई जा सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vinit Mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >