बक्सर: गड्ढों में बैठकर जन सुराज का मौन धरना, जर्जर सड़क को लेकर विधायक पर वादाखिलाफी का आरोप

बक्सर में जर्जर सड़क और गड्ढों से परेशान जन सुराज कार्यकर्ताओं ने पानी में बैठकर विरोध प्रदर्शन किया और स्थानीय विधायक से इस्तीफे की मांग की।

Buxar News : गोलंबर से जासो और नदांव होते हुए डुमरांव को जोड़ने वाली जर्जर सड़क की अनदेखी के खिलाफ रविवार को जन सुराज पार्टी ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया. जासो स्थित शिव मंदिर के सामने सड़क पर बने गड्ढों में बारिश का पानी भरा था. इसी पानी के बीच बैठकर जन सुराज पार्टी के जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने कार्यकर्ताओं के साथ करीब दो घंटे तक सांकेतिक मौन धरना दिया.

विधायक पर वादाखिलाफी का लगाया आरोप

धरने के दौरान जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने स्थानीय सदर विधायक आनंद मिश्रा पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान विधायक ने दो महीने के भीतर सड़क निर्माण कराने का वादा किया था और इस सड़क को चुनावी मुद्दा भी बनाया था. इसके बावजूद चुनाव जीतने के बाद सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है.

उन्होंने कहा कि विडंबना यह है कि विधायक का कार्यालय भी इसी सड़क के किनारे है, लेकिन इसके बावजूद सड़क की बदहाली पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाले जनप्रतिनिधि अब जनता की परेशानी से बेखबर हैं.

'सड़क नहीं बनवा सकते तो इस्तीफा दें'

बजरंगी मिश्रा ने कहा कि आईपीएस की नौकरी छोड़कर जनसेवा की बात करने वाले विधायक आज जनता को गड्ढों और जलजमाव के बीच छोड़ चुके हैं. उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि विधायक सड़क निर्माण कराने में सक्षम नहीं हैं तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए.

उन्होंने कहा कि यदि विधायक निधि में राशि की कमी है तो वह खुद पांच हजार रुपये का योगदान देंगे और जनता से चंदा जुटाकर सड़क निर्माण की पहल करेंगे. जन सुराज जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि एक महीने के भीतर सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी.

'इस सड़क पर चलना नरक के समान'

जन सुराज के लोकसभा प्रभारी दिवाकर पाठक ने कहा कि इस सड़क पर चलना नरक के समान हो गया है. सड़क पर बने गड्ढों और जलजमाव के कारण राहगीरों को रोज परेशानी झेलनी पड़ रही है. उन्होंने कहा कि बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं आए दिन गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं, लेकिन स्थानीय जनप्रतिनिधि का इस समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं है.

धरने में सैकड़ों लोग हुए शामिल

जन सुराज के सांकेतिक मौन धरने को स्थानीय लोगों का भी समर्थन मिला. धरने में धनजी पांडेय, विजय पाठक, धनजी उपाध्याय, नीरज सिंह, प्रभाकर, भुनेश्वर, अजीत लाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मृत्युंजय सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >