Buxar News : इटाढ़ी रेलवे गुमटी को तत्काल खोलने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना लगातार जारी है. धरने की अध्यक्षता मोर्चा के जिला संयोजक सरोज राजभर ने की, जबकि संचालन डॉ. अजीत कुशवाहा ने किया. प्रदर्शनकारियों ने रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की.
गुमटी बंद होने से आम लोगों को हो रही परेशानी
धरनार्थियों को संबोधित करते हुए जिला संयोजक सरोज राजभर ने आरोप लगाया कि रेलवे और जिला प्रशासन जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है. उन्होंने कहा कि रेलवे गुमटी बंद रहने से लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है. श्रावण माह में जलाभिषेक के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसके अलावा छात्रों की पढ़ाई, किसानों की खेती, व्यापारियों के कारोबार तथा महिलाओं और बुजुर्गों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है.
'गुमटी खुलने तक जारी रहेगा आंदोलन'
सरोज राजभर ने कहा कि इटाढ़ी रेलवे गुमटी खुलने तक संघर्ष मोर्चा अपना आंदोलन जारी रखेगा. उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा. उन्होंने प्रशासन से जनहित में शीघ्र कार्रवाई करने की अपील करते हुए कहा कि आंदोलन तेज होने की स्थिति में इसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की होगी.
बड़ी संख्या में शामिल हुए समर्थक
धरने में मोर्चा के मीडिया प्रभारी राम इकबाल ठाकुर, महिला नेत्री कृष्णावती देवी, जिला सह-संयोजक दिनानाथ ठाकुर, व्यास चंदन तेजस्वी, जगनारायण सिंह, बीरबल पासवान, राजकुमार राय, सूर्य कांति देवी, रीमा देवी, जितेंद्र कुमार, बीरबल रजक, विनोद पासवान, राष्ट्रपति राजभर, मनोज ठाकुर, रमन राजभर, सुनीता कुशवाहा, मुन्ना ओझा, मनजी राजभर, लाल बाबू माली, लाल बिहारी पाल, मदन पाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे. धरनार्थियों ने प्रशासन से शीघ्र ठोस कार्रवाई कर रेलवे गुमटी खोलने की मांग दोहराई.
