बक्सर: इटाढ़ी रेलवे गुमटी खुलवाने की सांसद-विधायक की कवायद पर यात्रियों ने उठाये सवाल, बोले- बिहार सरकार पर दबाव बनाते तो बन जाती पुल की सड़क

बक्सर के इटाढ़ी में यात्रियों ने जनप्रतिनिधियों से रेलवे गुमटी के बजाय पुल की जर्जर सड़क को प्राथमिकता के आधार पर बनवाने की मांग की है।

Buxar News : इटाढ़ी रेलवे गुमटी को दोबारा खुलवाने को लेकर सांसद और विधायक द्वारा दानापुर डीआरएम से लेकर हाजीपुर जीएम, रेलवे बोर्ड के चेयरमैन और रेल मंत्री तक पहल किये जाने पर स्थानीय यात्रियों ने सवाल उठाया है. बोनाफाइड पैसेंजरों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों को रेलवे पर दबाव बनाने के बजाय बिहार सरकार से पुल की सड़क की मरम्मत कराने की मांग करनी चाहिए.

यात्रियों का तर्क- पुल की सड़क बनाना बिहार सरकार की जिम्मेदारी

स्थानीय यात्रियों का कहना है कि जिस पुल की सड़क खराब होने के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है, उसका निर्माण और मरम्मत बिहार सरकार के स्तर से होना है. ऐसे में सांसद और विधायक को राज्य सरकार पर दबाव बनाकर सड़क की समस्या का स्थायी समाधान कराना चाहिए. यात्रियों का दावा है कि पुल की सड़क दुरुस्त होने से गुमटी खोलने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी.

गुमटी खोलने में फिर खर्च होगा रेलवे का पैसा

यात्रियों के अनुसार, गुमटी बंद करने की प्रक्रिया में रेलवे का पैसा खर्च हुआ है. अब इसे दोबारा खोलने पर भी रेलवे को अतिरिक्त राशि खर्च करनी पड़ेगी और भविष्य में इसे फिर बंद करना होगा. ऐसे में यह सरकारी धन के दोहरे इस्तेमाल जैसा होगा, जिसका भार अंततः आम जनता पर ही पड़ेगा.

गेटमैन का हो चुका है स्थानांतरण, मशीनरी भी हटायी गयी

यात्रियों ने बताया कि गुमटी पर तैनात चारों गेटमैन का स्थानांतरण हो चुका है और उन्हें स्थानांतरण भत्ता भी दिया जा चुका है. दोबारा तैनाती के लिए पूरी प्रक्रिया फिर से करनी होगी. वहीं गुमटी की मशीनरी भी हटायी जा चुकी है. इसे दोबारा स्थापित करने में बड़ी राशि खर्च होने की बात कही जा रही है.

सड़क निर्माण पर जोर देने की मांग

कृष्ण बिहारी चौबे, दया सिंह, रामाशंकर और बोनाफाइड पैसेंजर संघ ने सांसद और विधायक से बिहार सरकार पर दबाव बनाकर पुल की सड़क का निर्माण जल्द कराने की मांग की है. यात्रियों का कहना है कि गुमटी खुलवाने के लिए जितनी कवायद की जा रही है, उसका इस्तेमाल पुल की सड़क बनवाने में किया जाता तो समस्या का स्थायी समाधान हो सकता था.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मृत्युंजय सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >