बक्सर में गंगा का रौद्र रूप, निचले इलाकों में घुसा बाढ़ का पानी, खतरे के निशान से 87 सेमी दूर

Buxar News : बक्सर में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन अलर्ट पर है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Buxar News : गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच बक्सर में बाढ़ का खतरा लगातार गहराता जा रहा है. जिले के बाढ़ प्रभावित चौसा, बक्सर, सिमरी, चक्की और ब्रह्मपुर अंचल के तटीय एवं निचले इलाकों में गंगा का पानी तेजी से प्रवेश करने लगा है. इससे आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है. चौसा के बनारपुर के पास कर्मनाशा नदी का पानी पहुंच गया है. हालांकि, अभी चौसा-मोहनियां सड़क पर पानी नहीं चढ़ने से राहत है. वहीं, सदर प्रखंड के ठोरा के कछारी इलाके के गांवों के पास भी बाढ़ का पानी पहुंच चुका है. सिमरी और चक्की अंचल के दियारा क्षेत्रों में पानी खेतों तक पहुंच गया है, जिससे फसलों के बर्बाद होने और मवेशियों के चारे को लेकर संकट बढ़ने लगा है.

रामरेखाघाट के विवाह मंडप जलमग्न

गंगा के उफान के कारण बक्सर के प्रसिद्ध रामरेखाघाट स्थित दोनों विवाह मंडपों में तेज धारा बहने लगी है. पूरा घाट क्षेत्र जलमग्न हो चुका है. स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए घाट पर चेतावनी बोर्ड लगाया गया है. वहीं, गंगा में नावों के परिचालन पर पूरी तरह रोक लगा दी गयी है. प्रशासन ने बाढ़ नियंत्रण विभाग और एसडीआरएफ की टीम को भी सतर्क कर दिया है.

घाटों पर चढ़ा गंगा जी का पानी

जलस्तर बढ़ने का सिलसिला जारी

केंद्रीय जल आयोग के अनुसार शनिवार सुबह 10 बजे गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु 59.32 मीटर पर पहुंच गया था. इसके बाद जलस्तर में वृद्धि जारी रही और शाम 6 बजे तक यह बढ़कर 59.45 मीटर पर पहुंच गया. गंगा का जलस्तर फिलहाल करीब 1 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा था.

खतरे के निशान से महज 87 सेंटीमीटर दूर गंगा

बक्सर में गंगा के खतरे का निशान 60.32 मीटर है. इस तरह नदी अब खतरे के निशान से महज 87 सेंटीमीटर नीचे है. जलस्तर में इसी रफ्तार से वृद्धि जारी रही तो आने वाले एक-दो दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है. प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है.

पुरोहित और दुकानदार सुरक्षित स्थानों की ओर हुए रवाना

रामरेखाघाट के निचले हिस्सों और विवाह मंडपों में पानी भरने के बाद पुरोहितों और छोटे दुकानदारों को अपनी चौकियां एवं सामान समेटकर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है. गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है. बाढ़ प्रभावित और दियारा के निचले इलाकों में चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके.

Also Read : गंगा के बढ़ते जलस्तर से बेगूसराय में दहशत, निचले इलाकों में घुसा बाढ़ का पानी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ओंकार नाथ मिश्रा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >