Buxar News(मनीष कुमार मिश्रा की रिपोर्ट):
बक्सर थाना क्षेत्र स्थित पुलिया गंगा घाट पर शुक्रवार की दोपहर गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया. नहाने के दौरान दो बच्चे गहरे पानी में डूब गए. इनमें एक बच्चे को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वहीं दूसरे बच्चे की तलाश जारी रही है.
नहाने के दौरान गहरे पानी चले गए
प्राप्त जानकारी के अनुसार अहिरौली निवासी मनोज कुमार सिंह अपने पिता स्वर्गीय गोरखनाथ सिंह के दशकर्म को लेकर पुलिया गंगा घाट के समीप पूजा-पाठ कर रहे थे. इसी दौरान उनका इकलौता पुत्र मुकुल कुमार सिंह (7 वर्ष) और उनकी बहन का पुत्र छोटू सिंह (13 वर्ष) गंगा में स्नान कर रहे थे. बताया जाता है कि स्नान के दौरान मुकुल कुमार सिंह अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. मुकुल को डूबता देख छोटू सिंह उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा, लेकिन वह भी तेज धारा और गहराई की चपेट में आ गया. देखते ही देखते दोनों बच्चे पानी में डूब गए.
मौके पर अफरा-तफरी का माहौल
घटना को देख घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत गंगा में छलांग लगाकर दोनों बच्चों को बचाने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद मुकुल कुमार सिंह को पानी से बाहर निकाल लिया गया और आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
दूसरे की तलाश जारी
वहीं छोटू सिंह गहरे पानी में लापता हो गया. सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय नाविकों तथा गोताखोरों की मदद से बच्चे की तलाश शुरू कर दी गई. समाचार लिखे जाने तक छोटू सिंह का कोई पता नहीं चल सका था. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घाट पर मौजूद लोगों में भी शोक और मातम का माहौल बना हुआ है.
Also Read: बक्सर में आंगनबाड़ी व्यवस्था की बदहाली उजागर, 15 साल से 27 केंद्रों के भवन अधूरे
