Buxar News: श्रावण मास की पहली सोमवारी पर प्रखंड भर के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. अहले सुबह से ही नेनुआ, मठिला, सोंवा, कोरानसराय, चिलहरी, नंदन, कुशलपुर सहित विभिन्न गांवों के शिव मंदिरों में "हर-हर महादेव" के जयघोष गूंजते रहे. हजारों श्रद्धालुओं ने जल, बेलपत्र, फूल, चंदन और रोली अर्पित कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया.
सोंवा के स्वयंभू बाबा भुअरनाथ मंदिर में उमड़ी भीड़
सोंवा पंचायत के सोंवा गांव स्थित बाबा भुअरनाथ मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया. स्थानीय मान्यता के अनुसार यहां स्थापित शिवलिंग स्वयंभू है, जो धरती से स्वयं प्रकट हुआ था. श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यहां पूजा-अर्चना करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं.
कंचनेश्वर धाम में महिलाओं की रही अधिक भागीदारी
कचैनिया गांव स्थित विनोबा वन के प्राचीन कंचनेश्वर धाम में भी सुबह से श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं. यहां महिलाओं की संख्या विशेष रूप से अधिक रही. श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया. श्रद्धालु सौरभ पांडेय ने बताया कि श्रावण मास की प्रत्येक सोमवारी को यहां दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं.
