Buxar News : आगामी पवित्र सावन मेले को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी क्रम में डुमरांव के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) ने पहली बार प्रसिद्ध सिद्धपीठ ब्रह्मपुर स्थित बाबा बरमेश्वर नाथ मंदिर का दौरा किया. उन्होंने सबसे पहले बाबा बरमेश्वर नाथ के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया, इसके बाद मंदिर परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की.
मंदिर समिति के साथ बैठक, व्यवस्थाओं की ली जानकारी
एसडीएम ने मंदिर समिति के सदस्यों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर सावन मेले की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और मेले के सफल संचालन को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए.
भीड़ प्रबंधन के लिए बैरिकेडिंग और ट्रैफिक प्लान पर जोर
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मंदिर परिसर और ऐतिहासिक शिव सरोवर का जायजा लिया. श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए बैरिकेडिंग का दायरा बढ़ाने का निर्देश दिया, ताकि जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालु लाइनबद्ध तरीके से दर्शन कर सकें. साथ ही स्थानीय थानाध्यक्ष को मेले के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार करने का निर्देश दिया.
शिव सरोवर की सुरक्षा के लिए गोताखोर तैनात होंगे
एसडीएम ने शिव सरोवर में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए चारों ओर मजबूत बैरिकेडिंग कराने और हर समय प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
सीसीटीवी, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था होगी दुरुस्त
प्रशासन ने मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शुद्ध पेयजल और चौबीसों घंटे साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही गर्भगृह में जलाभिषेक के दौरान जलभराव की समस्या से बचने के लिए सुचारू जल निकासी की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने को कहा गया.
अधिकारी और मंदिर समिति के सदस्य रहे मौजूद
निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, स्थानीय थानाध्यक्ष तथा मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य मौजूद रहे. प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया.
