गाजियाबाद रेल हादसे का असर, बक्सर में 4 घंटे तक लेट पहुंचीं ट्रेनें, यात्री रहे परेशान

बक्सर में बुधवार को रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा. गाजियाबाद रेल हादसे के चलते मगध एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों विलंब से पहुंचीं. भीषण गर्मी में यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा, जिससे उनमें नाराजगी दिखी.

Buxar News : डीडीयू-पटना डाउन रेलखंड पर बुधवार को कई ट्रेनों के लगातार विलंब से चलने के कारण बक्सर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा. भीषण गर्मी के बीच प्लेटफॉर्म पर बैठे यात्रियों की परेशानी उस समय और बढ़ गई, जब एक के बाद एक कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देर से स्टेशन पहुंचीं.

मगध एक्सप्रेस 4 घंटे, कई अन्य ट्रेनें भी रहीं लेट

जानकारी के अनुसार, मगध एक्सप्रेस सुबह 10:25 बजे के निर्धारित समय के बजाय दोपहर 2:12 बजे बक्सर पहुंची. इस तरह ट्रेन करीब चार घंटे विलंब से चली. वहीं जयनगर से दिल्ली जाने वाली सहरसा-आनंद विहार एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय सुबह 11:07 बजे के बजाय दोपहर 2:02 बजे पहुंची, जो लगभग तीन घंटे विलंबित रही. ब्रह्मपुत्र मेल भी करीब एक घंटे की देरी से स्टेशन पहुंची. इसके अलावा हावड़ा-अमृतसर कुंभ एक्सप्रेस के भी करीब तीन घंटे विलंब से चलने की सूचना मिली.

प्लेटफॉर्म पर बढ़ी भीड़, यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें

ट्रेनों के लगातार विलंब से स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई. सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को उठानी पड़ी. कई यात्रियों को अपनी आगे की कनेक्टिंग ट्रेन छूटने की चिंता भी सताती रही.

यात्रियों ने जताई नाराजगी

स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने रेल प्रशासन की व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि भीषण गर्मी में बिना पूर्व सूचना के घंटों इंतजार कराना यात्रियों के लिए बेहद कष्टदायक है. उन्होंने समय पर सूचना उपलब्ध कराने और बेहतर प्रबंधन की मांग की.

रेलवे ने बताया विलंब का कारण

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, डाउन लाइन पर गाजियाबाद के पास हुए रेल हादसे के कारण ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है. उन्होंने बताया कि स्थिति सामान्य होते ही ट्रेनों का संचालन पुनः निर्धारित समय के अनुसार किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mritunjay singh

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >