बक्सर: तिरंगे में लिपटकर गांव पहुंचा CRPF जवान अयूब अंसारी का पार्थिव शरीर, नम आंखों से दी अंतिम विदाई

जम्मू में तैनात सीआरपीएफ जवान अयूब अंसारी का निधन, खरगपुरा गांव में राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई। पूरे इलाके में शोक की लहर।

Buxar News : बक्सर जिला के राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा प्रखंड अंतर्गत डिहरी पंचायत के खरगपुरा गांव निवासी सीआरपीएफ जवान अयूब अंसारी का जम्मू में ड्यूटी के दौरान आकस्मिक निधन हो गया. आशंका जतायी जा रही है कि सेवा के दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा. जवान के निधन की खबर गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

तिरंगे में लिपटकर पहुंचा पार्थिव शरीर, उमड़ा जनसैलाब

शुक्रवार को अयूब अंसारी का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर जैसे ही खरगपुरा गांव पहुंचा, पूरा माहौल गम और गर्व से भर गया. अपने गांव के लाल की अंतिम झलक पाने के लिए सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और पुरुष हाथों में तिरंगा लेकर सड़क पर उतर आए. इस दौरान हर आंख नम थी, लेकिन जवान की देश सेवा पर लोगों को गर्व भी था.

पूरा गांव ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, अयूब तेरा नाम रहेगा’ और ‘जय हिंद’ के गगनभेदी नारों से गूंज उठा.

जम्मू के जहांगीर चौक पर थे तैनात

परिजनों के अनुसार अयूब अंसारी जम्मू के जहांगीर चौक पर 114वीं बटालियन की ओर से तैनात थे. ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और उनका निधन हो गया. मौत की खबर मिलते ही पत्नी खोदैजा बेगम, पुत्री हाजरा खातून और पुत्र मो. अजहर अंसारी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

पुत्र अजहर ने कहा कि अगर उन्हें भी देश सेवा का मौका मिला, तो वह भी देश की सेवा के लिए आगे जाएंगे.

राजकीय सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई

जुमे की नमाज के बाद गांव के कब्रिस्तान में सीआरपीएफ जवानों ने अयूब अंसारी को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी. इसके बाद नम आंखों के बीच उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया. अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और जवान को श्रद्धांजलि दी.

जिला पार्षद ने परिवार को बंधाया ढांढस

मौके पर मौजूद जिला पार्षद सदस्य पूजा कुमारी ने जवान के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख जताया. उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि अयूब अंसारी का देश के प्रति योगदान हमेशा याद किया जाएगा.

जवान की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब उनके प्रति लोगों के सम्मान को दर्शाता रहा. ग्रामीणों ने नम आंखों से अपने वीर जवान को अंतिम विदाई दी.

​फोटो :- पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित करते लोग  फोटो :- शव यात्रा में शामिल लोग | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पंकज कुमार कमल

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >