Buxar News : चौसा-कोचस मुख्य मार्ग से सरेंजा होते हुए चौबे की छावनी-मोहनिया हाईवे को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण संपर्क सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है. पुरौन्दा डेरा के पास जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर लगातार जलजमाव हो रहा है. पानी के कारण सड़क क्षतिग्रस्त होकर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गयी है.
कोचस-रामगढ़-मोहनिया जाने वालों के लिए शॉर्टकट है मार्ग
स्थानीय लोगों के अनुसार यह सड़क कोचस से रामगढ़ और मोहनिया आने-जाने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण शॉर्टकट का काम करती है. इस मार्ग से लोगों के समय और दूरी दोनों की बचत होती है. चौसा-मोहनिया मार्ग से बीच में सरेंजा के पास होकर लोग सीधे कोचस मार्ग पर पहुंच जाते हैं.
Also Read : सासाराम से चोरी का ट्रक उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से लावारिस हालत में बरामद
गड्ढों में पानी भरने से बढ़ा हादसे का खतरा
सड़क की जर्जर स्थिति के कारण इस मार्ग पर आवागमन अब जोखिम भरा हो गया है. बारिश के दिनों में सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता है. ऐसे में बाइक सवार अक्सर गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे हैं. चारपहिया वाहनों को भी इस मार्ग से गुजरने में काफी परेशानी हो रही है.
जल निकासी नहीं होने से सड़क की हालत और बिगड़ी
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुरौन्दा डेरा के पास जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा रहता है. लंबे समय तक जलजमाव रहने से सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है. इससे आवागमन करने वाले लोगों की परेशानी भी बढ़ रही है.
Also Read : रोहतास डीएम ने 46 शिक्षकों को किया सम्मानित, प्रधानाध्यापक जगजीवन राम को भी मिला प्रशस्ति पत्र
ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत की मांग की
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है. साथ ही महत्वपूर्ण संपर्क सड़क की मरम्मत कराकर आवागमन सुचारू कराने की मांग की गयी है, ताकि कोचस, रामगढ़ और मोहनिया आने-जाने वाले लोगों को राहत मिल सके.
Also Read : सासाराम: कोचस में लहेरी पैक्स चुनाव सोमवार को, 1155 मतदाताओं के लिए बने 2 मतदान केंद्र
