Buxar News : बीआरसी चौसा स्थित सभागार में बुधवार को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) हृषिकेश कुमार सिंह के स्थानांतरण तथा सगरा उत्क्रमित उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार राम और प्रधानाध्यापक जगनारायण प्रसाद की सेवानिवृत्ति पर विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया. समारोह की अध्यक्षता दिनेश कुमार राम ने की, जबकि संचालन राकेश कुमार ने किया.
अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मान
समारोह में प्रखंड क्षेत्र के शिक्षकों ने तीनों को अंगवस्त्र, पुस्तक, पुष्पमाला और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया. उपस्थित शिक्षकों ने उनके कार्यकाल, शिक्षा के प्रति समर्पण और विद्यालयों के विकास में निभाई गई भूमिका की सराहना करते हुए उनके योगदान को याद किया.
शिक्षकों का स्नेह हमेशा रहेगा याद : बीईओ
विदाई संबोधन में बीईओ हृषिकेश कुमार सिंह ने कहा कि वे चौसा से केवल स्थानांतरित नहीं हो रहे हैं, बल्कि यहां के शिक्षकों का स्नेह, सहयोग और आत्मीयता अपने साथ लेकर जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव सहयोग करते रहेंगे तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है.
कर्तव्यनिष्ठा और चरित्र निर्माण पर दिया जोर
सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार राम ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया. वहीं प्रधानाध्यापक जगनारायण प्रसाद ने कहा कि शिक्षक का दायित्व केवल पढ़ाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण और संस्कारों का विकास करना भी है. उन्होंने सभी शिक्षकों से निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की.
बड़ी संख्या में शिक्षक रहे मौजूद
समारोह के अंत में उपस्थित शिक्षकों और शिक्षा विभाग के कर्मियों ने तीनों के स्वस्थ, सुखद और सफल भविष्य की कामना की. कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे.
