बक्सर: नीट पेपर लीक और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अंबेडकर चौक पर छात्रों का प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

बक्सर में शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ छात्रों का आक्रोश सड़कों पर उतरा. अंबेडकर चौक पर बड़ी संख्या में जुटे छात्रों ने NEET पेपर लीक मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की. उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग की.

Buxar Student Protest : बक्सर में शुक्रवार को शिक्षा व्यवस्था को लेकर छात्रों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा. शहर के अंबेडकर चौक पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं जुटे और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए NEET परीक्षा पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई.

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और कहा कि लगातार हो रही परीक्षा अनियमितताओं ने उनके भविष्य को संकट में डाल दिया है. छात्रों का कहना था कि मेहनत करने के बावजूद अगर परीक्षा प्रणाली ही पारदर्शी नहीं होगी, तो उनका भरोसा पूरी तरह टूट जाएगा.

तस्वीरों के ज़रिए देखें पूरा प्रदर्शन

अंबेडकर चौक पर प्रदर्शन करते छात्रों की भीड़
प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
बैनर लेकर सड़क पर बैठे छात्र
अंबेडकर चौक पर प्रदर्शन के दौरान तैनात पुलिस टीम
सरकार के खिलाफ़ नारे लगाते छात्र

Neet Paper Leak 2026 : परीक्षा में गड़बड़ी से भविष्य पर खतरा

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि पिछले कुछ समय से देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी और पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं. खासकर NEET परीक्षा को लेकर उठे सवालों ने लाखों छात्रों को परेशान कर दिया है. उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ हैं.

छात्रों ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जो भी दोषी हों, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए. साथ ही परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं.

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तेज

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को भी निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि जब तक जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक व्यवस्था में सुधार संभव नहीं है. इसी को लेकर छात्रों ने उनके इस्तीफे की मांग की.

प्रदर्शनकारियों ने यह भी चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर जल्द कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा और इसे बड़े स्तर पर फैलाया जाएगा.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, शांतिपूर्ण रहा प्रदर्शन

छात्रों के इस प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पहले से सतर्क नजर आया. अंबेडकर चौक पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. मौके पर सदर एसडीपीओ गौरव पांडे और सदर एसडीएम अविनाश कुमार के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा.

अधिकारियों की मौजूदगी में पूरा प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ और कहीं से किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं आई.

साफ है कि शिक्षा व्यवस्था को लेकर छात्रों में असंतोष बढ़ता जा रहा है. अब देखना होगा कि सरकार इन मांगों पर क्या रुख अपनाती है और क्या छात्रों के भरोसे को बहाल करने के लिए कोई ठोस कदम उठाए जाते हैं या नहीं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Manish mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >