अश्विनी चौबे ने बक्सर के विश्वामित्र मंडपम् में देखा लाइट एंड साउंड शो, बोले- हर श्रद्धालु जरूर देखें

Buxar News: पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे अपने एक दिवसीय बक्सर प्रवास के दौरान शहर की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत से अभिभूत नजर आए. उन्होंने रामरेखा घाट स्थित प्राचीन रामेश्वर नाथ महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की और श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया. इसके बाद उन्होंने विश्वामित्र मंडपम् में आम लोगों के साथ बैठकर लाइट एंड साउंड शो देखा और इसे नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने वाला बताया.

बक्सर से मृत्युंजय सिंह की रिपोर्ट
Buxar News: पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर बक्सर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने शहर के ऐतिहासिक, पौराणिक और धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया. उनके पूरे दौरे में सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं के प्रति उनकी गहरी आस्था साफ तौर पर नजर आई

रामेश्वर नाथ महादेव की पूजा कर राज्य की समृद्धि की कामना की

अपने दौरे के दौरान अश्विनी कुमार चौबे सबसे पहले रामरेखा घाट स्थित प्राचीन रामेश्वर नाथ महादेव मंदिर पहुंचे. यहां उन्होंने चल रहे श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में हिस्सा लिया और श्रद्धा के साथ कथा का श्रवण किया. इसके बाद उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान रामेश्वर नाथ महादेव का रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना की. पूजा के दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और जनकल्याण की कामना की.

खुद टिकट लेकर आम जनता के बीच बैठे पूर्व केंद्रीय मंत्री

धार्मिक अनुष्ठानों के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री मां गंगा के पावन तट पर स्थित नवनिर्मित रामायण केंद्र ‘विश्वामित्र मंडपम्’ पहुंचे. यहां उन्होंने केंद्र में नियमित आयोजित होने वाले भव्य लाइट एंड साउंड शो (Light and Sound Show) का अवलोकन किया. विशेष बात यह रही कि पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बिना किसी वीआईपी प्रोटोकॉल के, स्वयं काउंटर से टिकट खरीदा और आम जनमानस के बीच बैठकर पूरे चाव से इस शो का आनंद लिया.

नई पीढ़ी को सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का बेहतर माध्यम है यह शो

शो देखने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए श्री चौबे ने कहा कि यह भव्य डिजिटल प्रस्तुति बक्सर की गौरवशाली ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को जीवंत रूप में सामने लाती है. महर्षि विश्वामित्र की पावन तपोभूमि, भगवान श्रीराम के यहां आगमन, ताड़का वध और अहिल्या उद्धार से जुड़े प्रसंगों तथा बक्सर की पौराणिक महत्ता को इस लाइट एंड साउंड शो में अत्यंत प्रभावशाली और आधुनिक ढंग से दर्शाया गया है.

उन्होंने आगे कहा कि यह पूरा कार्यक्रम भारतीय संस्कृति, सनातन अध्यात्म, अगाध श्रद्धा एवं राष्ट्र गौरव की भावना से पूरी तरह ओतप्रोत है. यह केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि हमारी नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक जड़ों, सनातन संस्कारों एवं बक्सर के गौरवशाली अतीत से जोड़ने का एक बेहद सशक्त माध्यम है.

श्रद्धालुओं और पर्यटकों से लाइट एंड साउंड शो देखने का किया आग्रह

आखिर में उन्होंने ने बिहारवासियों सहित देशभर के सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों से पुरजोर आग्रह किया कि जब भी वे बक्सर की इस पावन धरती पर आएं, तो रामायण केंद्र विश्वामित्र मंडपम् का यह लाइट एंड साउंड शो देखना कभी न भूलें. उन्होंने कहा कि इसे देखने से बक्सर की पौराणिक गाथा और आध्यात्मिक महत्ता का जो प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होता है, वह अद्भुत है.

Also Read: बक्सर: सड़क का लंबा रास्ता छोड़ पानी में तैरकर जाना पड़ा भारी, डूबने से युवक की मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >