Buxar News(पंकज कमल): राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा कोचस मुख्य पथ पर करैला गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक के धक्के से एक 28 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. बाईक सवार दूसरे युवक की हालत गंभीर है. मृत युवक की पहचान रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र के कंजर गांव निवासी उमेश चौधरी के पुत्र निरंजन चौधरी के रूप में हुई है. इस घटना में घायल युवक इसी गांव का सनी कुमार है.
घर लौटने के दौरान हुई घटना
मिली जानकारी के अनुसार निरंजन गुरुवार की शाम अपने परिजनों को ट्रेन पकड़वाने के लिए बक्सर स्टेशन गया था. परिजनों को विदा कर जब वह वापस अपने गांव लौट रहा था. जैसे ही वह करैला डेरा गांव के पास पहुंचा तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को रौंद दिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि निरंजन की मौके पर ही मौत हो गई. अंधेरे का लाभ उठाकर ट्रक ड्राइवर भाग निकला. देखते ही देखते रोड पर अफरा तफरी मच गया.
घायल वाराणसी रेफर
बाइक पर पीछे बैठे एक अन्य युवक सनी भी गंभीर रूप से घायल हो गया. चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग वहां पहुंचे और घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी. जिसके बाद घायल को सीएचसी में इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है.
एसएचओ निवास कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है. फरार ट्रक व उसके चालक की तलाश की जा रही है. घटना के बाद मृतक के गांव और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है.
