बक्सर के चौसा में परियोजनाओं पर हंगामा, मुआवजा और रोजगार को लेकर किसानों का फूटा गुस्सा, मांग तेज़

Buxar News: बक्सर में थर्मल पावर प्लांट और हाईवे परियोजनाओं से प्रभावित किसानों का गुस्सा फूट पड़ा है. मुआवजा, रोजगार और पुनर्वास की मांग को लेकर बनारपुर पंचायत भवन में बड़ी बैठक हुई. किसानों ने आरोप लगाया कि जमीन लेने के बाद भी उन्हें न नौकरी मिली और न ही पूरा भुगतान. संघर्ष मोर्चा ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा.

Buxar News: (विनोद कुमार सिंह) ग्रामीण इलाकों में आज भी गरीबी और बेरोजगारी सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है. बड़ी-बड़ी परियोजनाओं के नाम पर जमीन तो ली जा रही है, लेकिन प्रभावित लोगों को न तो स्थायी रोजगार मिल रहा है और न ही समय पर मुआवजा. ऐसे में किसानों, मजदूरों और युवाओं के सामने रोजी-रोटी का संकट गहराता जा रहा है, जिससे उनका गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है.

परियोजनाओं के बीच खाली हाथ रह गए लोग

बक्सर के चौसा से विनोद कुमार सिंह की रिपोर्ट के अनुसार, इलाके में थर्मल पावर प्लांट और हाईवे जैसी दो बड़ी परियोजनाएं चल रही हैं, लेकिन प्रभावितों के हाथ अब भी खाली हैं. बनारपुर पंचायत भवन में आयोजित बैठक में यह दर्द साफ झलकता दिखा.

संघर्ष मोर्चा ने संभाली कमान

SJVN थर्मल प्लांट और बक्सर-चौसा NH-319(ए) परियोजना से प्रभावित किसानों, मजदूरों और बेरोजगार युवाओं की बैठक में संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष रामप्रवेश सिंह यादव ने नेतृत्व किया. बैठक में पटना सचिवालय में हुई त्रिपक्षीय वार्ता का पूरा लेखा-जोखा रखा गया.

मुआवजा और रोजगार की फाइलें अटकीं

बैठक में खुलासा हुआ कि रोजगार, बहाली, पुनर्वास और आरजी भुगतान से जुड़ी फाइलें अब भी लंबित हैं. सबसे बड़ा आरोप यह लगा कि रेल कॉरिडोर के लिए रैयतों की जमीन बिना जानकारी के ले ली गई, जबकि NH-319(ए) में बिना मुआवजा दिए ही अधिग्रहण कर लिया गया.

भुगतान को लेकर भी भारी अनियमितता

आरजी भुगतान को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है. जिन लोगों को भुगतान मिला और जिनको नहीं मिला, दोनों की सूची पर चर्चा हुई. आरोप है कि DLO द्वारा मांगे गए दस्तावेज जमा करने के बावजूद भी भुगतान नहीं किया गया.

फोटो पर क्लिक करें रजिस्टर करें

किसानों की चेतावनी

बैठक में कालीचरण यादव, नरेंद्र तिवारी और ध्रुव राय ने साफ कहा कि अधिकारों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

आंदोलन तेज करने का ऐलान

बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि जब तक सभी मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा. साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो यह संघर्ष और तेज किया जाएगा.

Also Read: बक्सर में विकास के नाम पर खेल! सरकारी योजना का काम फाइलों में पूरा, ज़मीनी हकीकत जान उड़े होश

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >