Buxar News: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवकों को रौंदा, मौत के बाद सड़क जाम

Buxar News: राजपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी, जिसमें एक की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चौसा-कोचस मुख्य मार्ग जाम कर दिया और मुआवजे व कार्रवाई की मांग की.

Buxar News (पंकज कमल): राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर त्रिकालपुर डेरा गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया.

बाइक के उड़े परखच्चे

मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी त्रिकालपुर डेरा गांव के पास सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें रौंद दिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए. मृतक की पहचान त्रिकालपुर गांव निवासी 19 वर्षीय विकास राम (पिता: लालधर राम) के रूप में हुई है. घायलों में अरुण राम (18 वर्ष, पिता: कमलेश राम) और पवन राम (20 वर्ष, पिता: पल्लू राम) शामिल हैं.

घायलों की हालत गंभीर

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों की देखरेख में दोनों का इलाज जारी है, हालांकि उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया गया है.

ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

इस घटना से गुस्साए त्रिकालपुर गांव के ग्रामीणों और परिजनों ने चौसा-कोचस मुख्य मार्ग को पूरी तरह से जाम कर दिया है. ग्रामीण पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे और आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गई. पुलिस आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराने और यातायात व्यवस्था को बहाल करने के प्रयास में जुटी है. समाचार लिखे जाने तक परिजन अपनी मांगों को लेकर सड़क पर डटे हुए हैं और प्रदर्शन जारी है.

Also Read: बिहार की ग्राम कचहरियों में न्याय की रफ्तार धीमी, सरकार ने जारी किए सख्त निर्देश

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >