बक्सर से ओंकार नाथ मिश्र की रिपोर्ट
Buxar News: मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा से पहले बक्सर पुलिस ने रातभर सघन जांच अभियान चलाया. जिले के विभिन्न होटलों, लॉज और धर्मशालाओं को खंगालकर पुलिस ने बाहरी संदिग्ध अभ्यर्थियों और मुन्नाभाई गैंग पर शिकंजा कसने की कोशिश की. परीक्षा रविवार को जिले के 13 केंद्रों पर आयोजित है. पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि सॉल्वर गैंग और नकल माफिया अभ्यर्थियों को ठहराने के लिए शहर के होटलों का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसी इनपुट के आधार पर एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर नगर थाना की टीमों ने देर रात छापेमारी शुरू की.
स्टेशन और बस स्टैंड के पास सघन तलाशी, जांचे गए दस्तावेज
पुलिस टीम ने स्टेशन के नजदीक और बस स्टैंड के आसपास स्थित होटलों के एक-एक कमरे की तलाशी ली. कमरों में ठहरे हर युवक का पहचान पत्र, एडमिट कार्ड और प्रवेश पत्र चेक किया गया. बिना पहचान पत्र वाले लोगों से सख्ती से पूछताछ की गई. जांच के दौरान कई होटलों में रजिस्टर में एंट्री अधूरी पाई गई, जिस पर होटल संचालकों को कड़ी चेतावनी दी गई.
मोबाइल और लैपटॉप खंगाले, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पुलिस की नजर
सॉल्वर गैंग के मंसूबों को नाकाम करने के लिए पुलिस ने संदिग्धों के मोबाइल फोन और लैपटॉप भी खंगाले. यह कार्रवाई इसलिए की गई ताकि ब्लूटूथ डिवाइस, इयरपीस या अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पकड़े जा सकें. एसपी ने स्पष्ट कहा है कि परीक्षा की शुचिता भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. हर केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन जरूरी, नकल करने पर सीधे होगी जेल
प्रशासन की ओर से परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए हर केंद्र पर मेटल डिटेक्टर, जैमर और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश मिलेगा. एसपी ने चेतावनी दी है कि परीक्षा में नकल करते पकड़े जाने पर सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी और जेल भेजा जाएगा.
नियम तोड़ा तो सील होंगे होटल, 13 केंद्रों पर परीक्षा
तलाशी के क्रम में पुलिस ने सभी होटल संचालकों को सख्त निर्देश दिया है कि बिना वैलिड आईडी प्रूफ और पुलिस वेरिफिकेशन के किसी भी बाहरी व्यक्ति को कमरा न दें. इस नियम का उल्लंघन करने पर होटल को सील करने तक की कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि मद्य निषेध सिपाही के हजारों पदों के लिए बक्सर में 13 केंद्रों पर दोनों पालियों में कुल 5,328 अभ्यर्थियों की परीक्षा देने की व्यवस्था की गई है. प्रशासन की इस अचानक हुई सख्ती के बाद शहर में हड़कंप मच गया है. पुलिस का कहना है कि परीक्षा खत्म होने तक होटलों और लॉजों पर पैनी नजर रखी जाएगी.
Also Read: बक्सर: मोबाइल टावर केस में पुलिस जांच से बड़ा खुलासा, नौ साल के भुगतान विवाद के बाद हटाए गए उपकरण
