बक्सर मोबाइल टावर मामले में नया मोड़, पुलिस ने बरामद किया जनरेटर, लेन-देन विवाद आया सामने

Buxar News: बक्सर के डुमरांव में मोबाइल टावर से जनरेटर और अन्य उपकरण गायब होने के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं. जनरेटर बरामद कर लिया गया है, जबकि जांच में लेन-देन विवाद की बात सामने आई है.

Buxar News:(सुजीत कुमार ओझा) बक्सर के डुमरांव थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-18 में स्थित एक मोबाइल टावर से जनरेटर और अन्य उपकरणों के गायब होने के मामले में जांच के दौरान नया मोड़ सामने आया है. पुलिस को इस मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और गायब जनरेटर समेत कई उपकरणों का पता लगा लिया गया है.

जनरेटर बरामद, अन्य उपकरणों की तलाश जारी

थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि टावर कंपनी के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई है. जांच के दौरान सूचना मिली कि टावर से हटाया गया जनरेटर शहर के एक स्थान पर रखा गया है. सूचना के सत्यापन के लिए जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया गया कि बरामद जनरेटर वही है, जो मोबाइल टावर परिसर से हटाया गया था. उन्होंने बताया कि जनरेटर को बेचा नहीं गया था, बल्कि उसे दूसरे स्थान पर रख दिया गया था. हालांकि, टावर से जुड़े कुछ छोटे उपकरणों को बेच दिए जाने की बात सामने आई है. पुलिस उनकी बरामदगी और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.

लेन-देन विवाद की आशंका

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि टावर कंपनी और स्थानीय संचालक के बीच भुगतान और आर्थिक लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था. पुलिस का मानना है कि इसी विवाद के कारण टावर परिसर से उपकरण हटाए गए. हालांकि, मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है.

जमीन मालिक ने भी लगाए आरोप

जिस जमीन पर मोबाइल टावर स्थापित है, उसके मालिक ने भी कंपनी पर भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है. जमीन मालिक का कहना है कि कंपनी के साथ विधिवत एग्रीमेंट हुआ था, लेकिन तय शर्तों के अनुसार उन्हें पूरा भुगतान नहीं मिला. उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी ने उन्हें तीन हजार रुपये मासिक मानदेय पर गार्ड के रूप में रखा था, लेकिन भुगतान से जुड़े कई मुद्दे अब तक लंबित हैं.

ऐसे हुआ मामले का खुलासा

मामले का खुलासा तब हुआ, जब जीटीएम इंफ्रास्ट्रक्चर की तकनीकी टीम लंबे समय से बंद पड़े मोबाइल टावर को दोबारा चालू करने पहुंची. निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि टावर परिसर से कई महत्वपूर्ण उपकरण और जनरेटर गायब हैं. इसके बाद कंपनी प्रतिनिधियों ने डुमरांव थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की. जानकारी के अनुसार, करीब 130 फीट ऊंचे इस टावर से जुड़े कई उपकरण मौके पर नहीं मिले थे, जिसके बाद पुलिस जांच शुरू की गई.

जल्द होगा पूरे मामले का खुलासा

फिलहाल पुलिस बरामद उपकरणों का सत्यापन कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि किन परिस्थितियों में उपकरण हटाए गए. पुलिस का दावा है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.

Also Read: कैमूर हत्याकांड का खुलासा: लड़की के भाई ने दोस्ती के बहाने युवक को बुलाया, शराब पिलाई, फिर लाठी डंडे से पीट कर गला रेता

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >