बक्सर में जन सुराज की सांगठनिक बैठक संपन्न,पंचायत स्तर तक होगा विस्तार, युवाओं को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी

Buxar News: बक्सर में जन सुराज पार्टी के कार्यालय में जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा की अध्यक्षता में सांगठनिक मजबूती को लेकर बैठक आयोजित की गई. मुख्य वक्ता शाहाबाद प्रभारी रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने संगठन विस्तार में युवाओं की भूमिका को सर्वोपरि बताया. पूर्व विधायक श्रीकांत पाठक ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन और आपसी सामंजस्य के साथ गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों का प्रचार करने की सीख दी.

Buxar News(मनीष कुमार मिश्रा):जन सुराज पार्टी कार्यालय में शनिवार को संगठन की मजबूती और उसके व्यापक विस्तार को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस सांगठनिक बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने की, जबकि मंच संचालन जिला महामंत्री रघुबर सिंह द्वारा किया गया. बैठक में मुख्य रूप से गांव-गांव तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने और जमीनी स्तर पर कमेटियों के गठन पर चर्चा हुई.

मजबूत संगठन से ही लड़ी जाएगी जनता की लड़ाई: शाहाबाद प्रभारी

बैठक के मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित जन सुराज के शाहाबाद प्रभारी रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती पर विशेष बल दिया. उन्होंने कहा कि पार्टी में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और युवाओं की भूमिका सबसे अहम है. मुख्य वक्ता ने जोर देकर कहा कि एक मजबूत संगठन के बल पर ही जनसरोकारों और जनता के हक की लड़ाई को प्रभावी ढंग से लड़ा जा सकता है. उनके इस संबोधन से बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं, विशेषकर युवाओं में भारी उत्साह देखा गया.

प्रखंड और पंचायत स्तर पर कमेटियों का होगा विस्तार

जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने भविष्य की रणनीतियों को साझा करते हुए कहा कि पार्टी का अगला लक्ष्य पंचायत एवं प्रखंड स्तर तक संगठन का तेजी से विस्तार करना है. उन्होंने घोषणा की कि अधिक से अधिक ऊर्जावान युवाओं को जन सुराज पार्टी से जोड़कर उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी. जिलाध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर गांव और टोले तक जाकर पार्टी की जनहितैषी नीतियों, विकास के संकल्प और विचारों को आम लोगों के बीच मजबूती से रखें.

अनुशासन और सामंजस्य पर जोर

बैठक को संबोधित करते हुए राज्य सलाहकार समिति के सदस्य एवं पूर्व विधायक श्रीकांत पाठक ने संगठनात्मक अनुशासन पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि किसी भी राजनैतिक दल की सफलता उसके कार्यकर्ताओं के सामूहिक कार्यशैली, अनुशासन और आपसी सामंजस्य पर टिकी होती है. सभी को एकजुट होकर जमीनी स्तर पर काम करना होगा.

इस मौके पर जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए मुख्य पदाधिकारी, पंचायत स्तर के प्रतिनिधि, सक्रिय कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा साथी उपस्थित रहे.

Also Read: शराब माफियाओं पर पुलिस की नकेल, भारी मात्रा में शराब जब्त

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >