Buxar News: (ओंकार नाथ मिश्र की रिपोर्ट) कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र से चोरी हुआ ई-रिक्शा (टोटो) इटाढ़ी थाना पुलिस ने चोरी के महज 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इटाढ़ी थाना क्षेत्र के कुकुढ़ा चौक से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. उसके पास से चोरी का टोटो और तीन कीमती बैटरियां भी बरामद की गई हैं.
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चोरी का वाहन लेकर एक संदिग्ध युवक इलाके में घूम रहा है. सूचना मिलते ही इटाढ़ी थानाध्यक्ष सोनू कुमार पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई और कुकुढ़ा चौक के पास घेराबंदी कर आरोपी को टोटो सहित गिरफ्तार कर लिया.
अतरौना गांव का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्ण कुमार के रूप में हुई है, जो इटाढ़ी थाना क्षेत्र के अतरौना गांव का निवासी बताया जा रहा है. उसके पिता का नाम विनोद चौधरी है. पूछताछ के दौरान आरोपी वाहन के वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका. पुलिस की सख्ती के बाद उसने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली.
कैमूर में की थी चोरी की वारदात
थानाध्यक्ष सोनू कुमार पासवान ने बताया कि बरामद टोटो कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र से 26 मई की रात चोरी किया गया था. आरोपी चोरी के वाहन और बैटरियों को ठिकाने लगाने की नीयत से कुकुढ़ा पहुंचा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उसका मंसूबा विफल हो गया.
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने कैमूर जिले के तीन अन्य शातिर अपराधियों के नाम भी उजागर किए हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
आरोपी को भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. साथ ही उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है. बरामद ई-रिक्शा और बैटरियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद असली मालिक को सौंपा जाएगा.
