पवनी पंचायत के कटघरवा गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हजारों ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है. गांव की मुख्य सड़क पर लगातार जलजमाव रहने से आवागमन बाधित है. बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है.
नाला बना, लेकिन पुरानी नाली से नहीं जोड़ा
ग्रामीण संजय साह, कालीचरण यादव और धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि गांव के पूर्वी छोर पर पंचायत की ओर से मुख्य सड़क के किनारे नाले का निर्माण कराया गया है. लेकिन, नवनिर्मित नाले को गांव की पुरानी नाली से जोड़ा नहीं गया है. इसके अलावा नाले से पानी की निकासी की भी कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई है.
सड़क पर जमा है नाली का गंदा पानी
कटघरवा जलजमाव की समस्या के कारण नाली का गंदा पानी सड़क पर ही जमा रहता है. थोड़ी सी बारिश होते ही स्थिति और भयावह हो जाती है. ग्रामीणों के अनुसार, पूरी सड़क पर घुटने भर तक पानी जमा हो जाता है, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है.
बक्सर: डुमरांव ग्रिड का 80 एमवीए ट्रांसफार्मर खराब, बिजली आपूर्ति चरमराई, आंदोलन की चेतावनी
बच्चों और बुजुर्गों की बढ़ी मुश्किल
मुख्य सड़क पर पानी जमा रहने से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है. लोगों को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है. इससे दुर्घटना और जलजनित बीमारियों का खतरा भी बना रहता है.
घरों में घुसा बरसात का पानी
ग्रामीणों का आरोप है कि नवनिर्मित नाले से पानी की निकासी नहीं होने के कारण नई बस्ती के कई घरों में बरसात का पानी घुस चुका है. घरों में पानी भरने से लोगों का दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गयी, तो परेशानी और बढ़ सकती है.
स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि नवनिर्मित नाले को जल्द से जल्द मुख्य नाली से जोड़ा जाए और पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि हर बारिश में ग्रामीणों को जलजमाव की समस्या से जूझना न पड़े.
