बक्सर: इटाढ़ी रेलवे गुमटी खोलने की मांग पर आंदोलन तेज, पांचवें दिन भी धरना जारी, रेल रोको आंदोलन का ऐलान

बक्सर के इटाढ़ी में रेलवे गुमटी खोलने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना पांचवें दिन भी जारी रहा. मांग पूरी न होने पर 18 जुलाई को रेल रोको आंदोलन की चेतावनी दी गई है. गुमटी बंद होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

Itarhi Railway Crossing Protest Buxar : बक्सर जिले के इटाढ़ी रेलवे गुमटी को खोलने की मांग को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रहा. आंदोलनकारियों ने मांग पूरी नहीं होने पर 18 जुलाई को रेल रोको आंदोलन करने की घोषणा की है. उनका कहना है कि गुमटी बंद रहने से हजारों लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

Buxar News : पांचवें दिन भी जारी रहा धरना

रेलवे गुमटी के समीप आयोजित धरना की अध्यक्षता जिला दलित अति पिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजक सरोज राजभर ने की, जबकि संचालन राम इकबाल ठाकुर ने किया. वक्ताओं ने कहा कि यह आंदोलन आम जनता की सुविधा से जुड़ा है और मांग पूरी होने तक जारी रहेगा.

18 जुलाई को रेल रोको आंदोलन की घोषणा

धरना को संबोधित करते हुए सरोज राजभर ने कहा कि यदि रेलवे गुमटी नहीं खोली गई तो 18 जुलाई को सुबह 10 बजे से रेल रोको आंदोलन शुरू किया जाएगा. उन्होंने रेल मंडल प्रबंधक और जिला प्रशासन से जनहित में जल्द निर्णय लेने की अपील करते हुए कहा कि जनता की आवाज को अनदेखा नहीं किया जा सकता.

7 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करने को मजबूर लोग

स्थानीय लोगों ने बताया कि रेलवे गुमटी बंद होने और रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के क्षतिग्रस्त होने के कारण उन्हें रोजाना करीब सात किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है. इससे आवागमन के साथ-साथ दैनिक जीवन भी प्रभावित हो रहा है.

जागरूकता अभियान भी चलाया गया

आंदोलन के समर्थन में जागरूकता अभियान भी चलाया गया. आंदोलनकारियों ने अधिक से अधिक लोगों से प्रस्तावित रेल रोको आंदोलन में शामिल होने की अपील की. धरना में दिनानाथ ठाकुर, बीरबल रजक, विनोद ठाकुर, रमाकांत चंद्रवंशी, डॉ. अजीत कुशवाहा, विनोद कुशवाहा, लाल बाबू माली, कृष्णावती देवी, सुनीता देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manish mishra

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >