Buxar News : प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में एक दिन पहले हुई हल्की बारिश के बावजूद मंगलवार को लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली. तेज धूप और उमस के कारण दिनभर लोग परेशान रहे. बारिश के बाद मौसम सुहाना होने की उम्मीद थी, लेकिन उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी.
डुमरांव में 36 डिग्री पहुंचा तापमान
मंगलवार को डुमरांव का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 28 डिग्री रहा. एक दिन पहले हुई हल्की बारिश के बाद भी तापमान में खास गिरावट नहीं आई. तेज धूप के साथ उमस के कारण लोगों को सामान्य से ज्यादा गर्मी महसूस हुई.
धान की फसल के लिए बारिश का इंतजार
स्थानीय लोगों और किसानों का कहना है कि धान की फसल के लिए अभी अच्छी बारिश की जरूरत है. हल्की बूंदाबांदी से खेतों में नमी तो आई, लेकिन इससे गर्मी और उमस से राहत नहीं मिली. किसानों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में तेज बारिश होगी, जिससे फसलों को पर्याप्त पानी मिलेगा और लोगों को भी गर्मी से राहत मिल सकेगी.
