बक्सर के डुमरांव स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान गिरा युवक, सिर में गंभीर चोट, हायर सेंटर रेफर

Buxar News: बक्सर जिले के डुमरांव रेलवे स्टेशन पर सोमवार दोपहर करीब 3 बजे नई दिल्ली-पटना स्पेशल ट्रेन पर चढ़ने के दौरान बेतिया निवासी गुड्डू पटेल (30 वर्ष) का पैर फिसल गया, जिससे वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गया. यात्रियों के शोर मचाने पर ट्रेन रोकी गई और आरपीएफ-जीआरपी ने उसे बाहर निकालकर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया. सिर में गंभीर चोट होने के कारण डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है. युवक डुमरांव मेडिकल कॉलेज में हेल्पर का काम करता है

Buxar News(सुजीत कुमार ओझा): पटना-डीडीयू रेलखंड के डुमरांव रेलवे स्टेशन पर सोमवार की दोपहर एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया. प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में एक युवक का पैर फिसल गया, जिससे वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच बने गैप में जा गिरा. हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन यात्रियों और रेलवे सुरक्षा बलों की तत्परता से युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

घर जाने के लिए पकड़ रहा था ट्रेन, पैर फिसलने से हुआ हादसा

घायल युवक की पहचान पश्चिम चंपारण (बेतिया) जिले के बेतिया मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वी गनौली गांव निवासी शंभू पटेल के 30 वर्षीय पुत्र गुड्डू पटेल के रूप में हुई है.

बताया गया है कि गुड्डू डुमरांव मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हेल्पर के पद पर कार्यरत है. सोमवार को वह अपने घर जाने के लिए डुमरांव रेलवे स्टेशन पहुंचा था. दोपहर करीब 3:00 बजे प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर नई दिल्ली-पटना स्पेशल ट्रेन आकर रुकी. ट्रेन खुलने के बाद भीड़भाड़ का फायदा उठाकर गुड्डू ने चलती हुई ट्रेन पर चढ़ने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिरकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया.

यात्रियों ने शोर मचाकर रुकवाई ट्रेन, RPF, GRP और समाजसेवियों ने बचाई जान

युवक को गिरता देख प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों ने तत्परता दिखाई और तुरंत शोर मचाना शुरू किया, जिसे सुनकर लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को वहीं रोक दिया. इसके बाद मौके पर मौजूद आरपीएफ (RPF) के डीके सिंह, जीआरपी (GRP) के तारकेश्वर पंडित, स्थानीय समाजसेवी राजीव सिंह ने संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई करते हुए बेहद सूझबूझ के साथ युवक को सुरक्षित बाहर निकाला. आनन-फानन में रेलवे प्रशासन द्वारा एंबुलेंस बुलाई गई और घायल गुड्डू को तुरंत डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया.

सिर में लगी है गंभीर चोट, बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर

अनुमंडलीय अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात चिकित्सकों ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया. हालांकि, जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि युवक के सिर में काफी गंभीर चोटें आई हैं और आंतरिक ब्लीडिंग की आशंका है. उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक चिकित्सा के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे हायर सेंटर (बड़े अस्पताल) रेफर कर दिया है.

रेलवे प्रशासन की अपील

जान जोखिम में न डालें यात्री इस दुखद घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों से विशेष अपील की है. रेल अधिकारियों ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में चलती हुई ट्रेन पर चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें. अक्सर थोड़ी सी जल्दबाजी जानलेवा साबित होती है. यात्री हमेशा ट्रेन के पूरी तरह रुकने का इंतजार करें और रेलवे ट्रैक पार करने के बजाय हमेशा फुटओवर ब्रिज (FOB) का ही इस्तेमाल करें.

Also Read: गोपालगंज के एसएमडी इंटर कॉलेज में ₹1 करोड़ वित्तीय गबन की जांच का अंतिम दिन, समिति के सामने नहीं आईं प्रिंसिपल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >