Buxar District Council Protest : बक्सर जिले में विकास कार्यों को लेकर चल रही नाराजगी अब खुलकर सड़कों पर दिखने लगी है. शनिवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिला परिषद सदस्यों ने जिला परिषद कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और उप विकास आयुक्त यानी DDC नीहारिका छवि के खिलाफ आक्रोश जताते हुए उनका पुतला दहन किया. इस दौरान पूरे परिसर में नारेबाजी होती रही और माहौल काफी गरम दिखा. प्रदर्शन कर रहे जिप सदस्यों का साफ कहना था कि उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसके कारण उन्हें मजबूर होकर यह कदम उठाना पड़ा. उन्होंने आरोप लगाया कि विकास योजनाओं से जुड़ी बड़ी राशि होने के बावजूद जमीन पर काम नहीं दिख रहा है.
विकास कार्य ठप होने का आरोप
जिप सदस्यों ने कहा कि 15वें वित्त आयोग और अन्य वित्तीय मदों से मिलने वाली करोड़ों की राशि अब तक खर्च नहीं हो पाई है. उनका कहना है कि यह सीधे तौर पर प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा है. विकास योजनाएं कागजों तक सीमित रह गई हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में इसका असर साफ देखा जा सकता है. सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार इस मुद्दे को उठाने के बावजूद अधिकारियों की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई. इससे जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ आम लोगों में भी नाराजगी बढ़ती जा रही है.
प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी
पुतला दहन के दौरान जिप सदस्यों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे लगाए. प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि अगर समय रहते उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो हालात और बिगड़ सकते हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
इस विरोध प्रदर्शन में केदार सिंह, बेबी देवी, सुनैना देवी, धर्मेंद्र कुमार ठाकुर, सहाना खातून, गायत्री देवी, भोला यादव, मुर्तुजा अंसारी, मनोज सिंह, उमेश कुमार सिंह, अशोक यादव, रमेश यादव, सोना लाल सिंह और राजीव यादव समेत कई जिला परिषद सदस्य मौजूद रहे.
आगे क्या
जिप सदस्यों ने स्पष्ट कर दिया है कि यह सिर्फ शुरुआत है. अगर प्रशासन जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लेता है, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे. अब नजर इस बात पर है कि जिला प्रशासन इस चेतावनी को कितनी गंभीरता से लेता है और विकास कार्यों को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं.
