बक्सर समेत बिहार के 38 जिलों के छात्रों के लिए तोहफा, ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप लॉन्च; 24 घंटे मिलेंगे लाइव शिक्षक

बिहार सरकार ने 'बिहार विद्या साथी' ऐप लॉन्च किया है। अब 700 मॉडल स्कूलों के 3 लाख छात्र 24x7 वन-टू-वन टीचर सपोर्ट और डिजिटल स्टडी मटेरियल का लाभ उठा सकेंगे।

Buxar News : बिहार में स्कूली शिक्षा को डिजिटल, आधुनिक और विद्यार्थियों के लिए अधिक सुलभ बनाने की दिशा में सोमवार को बड़ी पहल शुरू हुई. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप का शुभारंभ किया. इस दौरान बक्सर समाहरणालय से जिलाधिकारी साहिला के साथ जिले के छात्र-छात्राएं भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम से जुड़े.

24 घंटे उपलब्ध रहेंगे लाइव शिक्षक

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में यह ऐतिहासिक कदम है. इंटरैक्टिव प्लेटफॉर्म के माध्यम से विद्यार्थी जब चाहें और जहां से चाहें, पढ़ाई से जुड़ी अपनी शंकाओं का समाधान पा सकेंगे.

शुरुआती चरण में राज्य के सभी 38 जिलों के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में यह सुविधा शुरू की गई है. इससे करीब तीन लाख विद्यार्थियों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है.

बक्सर के 11 प्रखंडों के छात्रों को मिलेगा लाभ

बक्सर जिले के सभी 11 प्रखंडों में संचालित संबंधित विद्यालयों के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों को इस योजना का लाभ मिलेगा. विद्यार्थियों के लिए 24 घंटे लाइव शिक्षकों की सुविधा उपलब्ध होगी. छात्र अपनी पसंद के शिक्षक का चयन कर उनसे वन-टू-वन संवाद के माध्यम से पढ़ाई से संबंधित सवाल पूछ सकेंगे.

75 हजार शिक्षक देंगे शैक्षणिक सहयोग

‘बिहार विद्या साथी’ प्लेटफॉर्म पर करीब 75 हजार शिक्षक विद्यार्थियों को व्यक्तिगत शैक्षणिक सहयोग देंगे. कक्षा 9वीं और 10वीं के सभी विषयों के अलावा कक्षा 11वीं और 12वीं के विज्ञान वर्ग के छात्रों के लिए बिहार बोर्ड की पढ़ाई के साथ जेईई और नीट की तैयारी से संबंधित डिजिटल स्टडी मटेरियल भी उपलब्ध कराया जाएगा.

AI से आसान होगी कठिन विषयों की पढ़ाई

प्लेटफॉर्म में आधुनिक एआई टूल्स को भी शामिल किया गया है. इसके माध्यम से छात्रों को कठिन कॉन्सेप्ट समझने और पढ़ाई का अभ्यास करने में मदद मिलेगी. सरकार की योजना इस डिजिटल प्लेटफॉर्म को शुरुआती चरण के बाद अन्य विद्यालयों तक भी विस्तारित करने की है.

छात्राओं ने लाइव डेमो से समझाया ऐप

कार्यक्रम के दौरान ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई. वहीं शास्त्रीनगर राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं जाह्नवी और जिया ने प्लेटफॉर्म का लाइव डेमो प्रस्तुत किया.

बक्सर समाहरणालय से जिलाधिकारी साहिला, सहायक समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आशुतोष सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >