Buxar News : डुमरांव अनुमंडल में एसडीपीओ के रूप में कार्यकाल शुरू कर अपनी कार्यकुशलता और बेहतर पुलिसिंग के दम पर एएसपी बने पोलस्त कुमार का तबादला हो गया है. अब वे वैशाली जिले के महुआ अनुमंडल में एएसपी की जिम्मेदारी संभालेंगे. उनके स्थान पर फिलहाल डुमरांव में किसी अधिकारी की पोस्टिंग नहीं होने से पुलिस प्रशासन के स्तर पर अस्थायी रिक्ति की स्थिति बनी हुई है.
तस्करों पर कसा शिकंजा, गांजा और ब्राउन शुगर की बड़ी बरामदगी
एएसपी पोलस्त कुमार का करीब एक वर्ष का कार्यकाल अपराध नियंत्रण के लिहाज से प्रभावी रहा. उनके नेतृत्व में पुलिस ने अंतरजिला गिरोह से जुड़े 30 से अधिक तस्करों को गिरफ्तार किया. कार्रवाई के दौरान 100 किलो से अधिक गांजा और करीब 970 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गयी. इसके अलावा लगभग 35 हजार लीटर अवैध शराब की बरामदगी भी पुलिस की बड़ी उपलब्धियों में शामिल रही.
गंभीर कांडों का 24 घंटे में हुआ उद्भेदन
हत्या जैसे गंभीर मामलों के त्वरित उद्भेदन में भी पोलस्त कुमार की कार्यशैली की पहचान बनी. उनके नेतृत्व में हत्या के करीब आधा दर्जन मामलों का 24 घंटे के भीतर खुलासा किया गया. इससे पुलिस की कार्रवाई में तेजी आयी और अपराधियों के बीच कानून का भय बढ़ाने में मदद मिली.
अपराध नियंत्रण के साथ पुलिस-पब्लिक संबंधों पर दिया जोर
पोलस्त कुमार ने अपराध नियंत्रण के साथ पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने पर भी जोर दिया. वे आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते और त्वरित कार्रवाई का प्रयास करते थे. पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को भी आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने पर जोर दिया जाता था.
नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने कार्यकाल को सराहा
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र में सुरक्षा और शांति का माहौल मजबूत हुआ. अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई और गंभीर मामलों के त्वरित उद्भेदन से पुलिस के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ा. तबादले के बाद उन्हें महुआ में नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी जा रही हैं, वहीं डुमरांव में उनकी कमी भी महसूस की जाएगी.
