Buxar News : राजपुर प्रखंड के बारूपुर पंचायत के भरखरा गांव स्थित पंचायत भवन में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर की अध्यक्षता मुखिया लीलावती देवी एवं ज्ञान प्रकाश उपाध्याय ने की. मुख्य अतिथि श्रम अधीक्षक संजय कुमार ने कहा कि सरकार लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए उनके घर तक पहुंच रही है. उन्होंने मजदूरी करने वाले लोगों से श्रम कार्ड बनवाने की अपील की और कहा कि इससे उन्हें सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सकेगा.
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 97 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 74 मामलों का त्वरित निष्पादन किया गया. बीएओ ऋषिकेश यादव एवं एलईओ सुधांशु कुमार की मौजूदगी में लाभुकों के बीच जन्म प्रमाण-पत्र और मृत्यु प्रमाण-पत्र का वितरण किया गया. विभिन्न विभागों के कर्मियों ने ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी.
मटकीपुर में 30 में 28 मामलों का निष्पादन
मटकीपुर पंचायत में भी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में विभिन्न विभागों से कुल 30 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 28 मामलों का त्वरित निष्पादन कर दिया गया, जबकि दो आवेदन लंबित रहे. शिविर की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया ने की. इस दौरान ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गयी और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के कर्मियों ने आवश्यक कार्रवाई की.
Also Read : पीएम मोदी के जन्मोत्सव पर 17 सितंबर को हर बूथ और घर में जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
तियरा में ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष रखीं समस्याएं
तियरा पंचायत में मुखिया उषा देवी की अध्यक्षता में सहयोग शिविर आयोजित किया गया. विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया. शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे एडीएम अरुण कुमार सिंह ने कहा कि गांवों में बड़ी संख्या में लोग मजदूरी करते हैं और रोजगार की तलाश में दूसरे स्थानों पर भी जाते हैं. ऐसे लोगों को श्रम कार्ड जरूर बनवाना चाहिए, जिससे उन्हें सरकार की कई योजनाओं का लाभ मिल सके.
उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. यदि किसी ग्रामीण की समस्या का समाधान स्थानीय स्तर पर नहीं हो पा रहा है, तो सहयोग शिविर के माध्यम से अपनी बात रख सकते हैं. शिविर में प्राप्त मामलों पर संबंधित विभागों द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाती है. इस दौरान लाभुकों के बीच जन्म प्रमाण-पत्र और श्रम कार्ड का भी वितरण किया गया.
पक्की नाली-गली से वंचित गांवों की जानकारी देने की अपील
बीपीआरओ अभिषेक पाठक ने कहा कि यदि किसी पंचायत का कोई गांव या टोला पक्की नाली और गली से वंचित है, तो ग्रामीण इसकी जानकारी अधिकारियों को दें, ताकि समस्या के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा सके. मौके पर बीडीओ मनोज कुमार सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे.
Also Read : वार्ड 16 के परिसीमन को लेकर भ्रम पर पूर्व विधायक ने उठाये सवाल, नगर परिषद से मांगा आधिकारिक स्पष्टीकरण
