बिहारशरीफ के नूरसराय थाना क्षेत्र के बाराबीघा गांव में प्रेम प्रसंग में एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान बाराबीघा गांव निवासी धर्मेंद्र पासवान के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.
परिजनों के अनुसार धर्मेंद्र चेन्नई में रहकर काम करता था और कुछ दिनों से गांव में ही रह रहा था. इसी दौरान दूसरे गांव की एक युवती से उसके प्रेम संबंध होने की बात सामने आई थी.
बताया जाता है कि घटना की शाम धर्मेंद्र अपनी प्रेमिका से करीब 500 रुपये लेकर दोस्तों के साथ पार्टी करने के लिए निकला था. देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. पूरी रात खोजबीन के बाद सुबह उसकी मौत की सूचना मिली.
मृतक के परिजनों ने प्रेम प्रसंग को मौत की वजह बताते हुए हत्या की आशंका जताई है. उनका आरोप है कि धर्मेंद्र का पहले गला दबाकर उसे अधमरा किया गया और बाद में फांसी के फंदे से लटका दिया गया, ताकि घटना, आत्महत्या जैसी प्रतीत हो. हालांकि, परिजनों ने यह भी बताया कि घटना की शाम धर्मेंद्र का घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद वह दोस्तों के साथ पार्टी करने चला गया था.
युवक की मौत के पीछे प्रेम प्रसंग, घरेलू विवाद या कोई अन्य कारण है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. नूरसराय थानाध्यक्ष ने फोन पर बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है.
