Cyber Fraud Awareness Campaign : साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच आम लोगों को जागरूक करने के लिए अब सुधा डेयरी भी अभियान चलाएगा. बिहार पुलिस मुख्यालय के साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई के निर्देश पर सुधा के सभी बिक्री केंद्रों और दूध वाहनों पर साइबर ठगी से बचाव संबंधी जागरूकता संदेश वाले बैनर-पोस्टर लगाए जाएंगे.
इनमें प्रमुख रूप से “साइबर धोखाधड़ी होने पर 1930 पर तुरंत कॉल करें” का संदेश अंकित रहेगा. इस संबंध में नालंदा डेयरी के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार सिन्हा ने बताया कि बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा.
उन्होंने बताया कि पुलिस मुख्यालय की ओर से बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड को पत्र भेजकर इस अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया गया है.
डिजिटल सेवाओं के साथ बढ़ रहे साइबर अपराध
पुलिस मुख्यालय की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि वर्तमान समय में इंटरनेट, स्मार्टफोन, ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई, डिजिटल भुगतान और ई-कॉमर्स जैसी डिजिटल सेवाओं का उपयोग तेजी से बढ़ा है.
इसके साथ ही साइबर अपराधी भी इन माध्यमों का दुरुपयोग कर वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया फ्रॉड और ओटीपी के माध्यम से ठगी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. इससे लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है.
ठगी के तुरंत बाद शिकायत दर्ज कराने की महत्ता
साइबर अपराध की स्थिति में समय पर शिकायत दर्ज कराना बेहद महत्वपूर्ण है. भारत सरकार की ओर से साइबर वित्तीय धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों की शिकायत के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 जारी किया गया है.
पुलिस के अनुसार, ठगी के तुरंत बाद 1930 पर शिकायत करने से संबंधित एजेंसियों को ठगी की रकम को होल्ड अथवा आगे स्थानांतरित होने से रोकने की कार्रवाई करने का अवसर मिल सकता है.
Also Read : नालंदा में 3.54 लाख पेंशनधारियों को मिली बढ़ी पेंशन, खातों में भेजे गए करीब 40 करोड़ रुपये
घर-घर तक संदेश पहुंचाने की योजना और उद्देश्य
पुलिस मुख्यालय का मानना है कि साइबर सुरक्षा का संदेश आम लोगों तक पहुंचाने के लिए दैनिक उपयोग की वस्तुओं और सेवाओं का सहारा लेना प्रभावी माध्यम हो सकता है.
बिहार में सुधा दूध का व्यापक उपयोग होने के कारण इसके बिक्री केंद्रों और दूध वाहनों के माध्यम से 1930 का संदेश घर-घर तक पहुंचाने की योजना है. इससे लोगों को साइबर ठगी के प्रति सतर्क करने के साथ ठगी होने की स्थिति में तत्काल शिकायत करने के लिए भी प्रेरित किया जा सकेगा.
