नालंदा में परीक्षा का वीडियो वायरल होने के बाद सख्ती, स्कूलों में मोबाइल पर लगा प्रतिबंध, DEO ने जारी किया आदेश

Nalanda News : नालंदा जिले के सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों में होने वाली जांच परीक्षाओं के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है. हरनौत के स्कूल में वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं.

Nalanda News : नालंदा जिले के सभी सरकारी, राजकीयकृत, प्रोजेक्ट एवं अल्पसंख्यक उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में आयोजित होने वाली विभिन्न जांच परीक्षाओं को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद्र के द्वारा सख्त निर्देश जारी किया गया है. जारी आधिकारिक आदेश में उन्होंने स्पष्ट कहा है कि परीक्षा के दौरान किसी भी छात्र-छात्रा द्वारा मोबाइल फोन या अन्य किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का उपयोग करना परीक्षा नियमों का पूरी तरह से उल्लंघन है.

स्कूलों में सभी जांच परीक्षाओं का आयोजन पूरी तरह स्वच्छ व कदाचार मुक्त वातावरण में किया जाना चाहिए. अतः परीक्षा के दौरान किसी भी छात्र को मोबाइल आदि के साथ परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. छात्र-छात्राओं का मोबाइल लेकर विद्यालय आना अब पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा.

हरनौत के स्कूल में वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ी सख्ती

उन्होंने बताया कि हाल ही में उच्च माध्यमिक विद्यालय हरनौत में आयोजित प्रथम त्रैमासिक परीक्षा के दौरान एक छात्र द्वारा मोबाइल का प्रयोग करते हुए वीडियो वायरल हुआ था. मोबाइल से उत्तर लिखते हुए एक छात्र का यह वीडियो समाचार पत्रों और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से प्रसारित हुआ था.

इस घटना को परीक्षा व्यवस्था एवं विद्यालय की गरिमा के बिल्कुल प्रतिकूल बताते हुए जिले के सभी प्रधानाध्यापकों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने परीक्षा शुरू होने से पहले सभी विद्यार्थियों की समुचित शारीरिक जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है ताकि कोई भी छात्र मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश न कर सके.

वीडियो बनाना गंभीर कदाचार, लापरवाही पर नपेंगे हेडमास्टर

इसके साथ ही साथ विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को यह भी आवश्यक रूप से अवगत कराने का निर्देश दिया गया है कि परीक्षा के दौरान फोटो या वीडियो बनाना तथा उसे सोशल मीडिया पर वायरल करना गंभीर कदाचार की श्रेणी में आता है.

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी विद्यालय प्रधानों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही या घटना की पुनरावृत्ति होती है, तो संबंधित प्रधानाध्यापक एवं जिम्मेदार वीक्षक शिक्षक के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों से परीक्षा की निष्पक्षता, अनुशासन और गोपनीयता बनाए रखने के लिए इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है.

Also Read : नालंदा में 20 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे CM सम्राट चौधरी, दही प्लांट समेत कई प्रोजेक्ट का करेंगे शिलान्यास


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ujjwalanand giri

उज्जवलानंद गिरि वर्ष 2009 से प्रभात खबर, बिहारशरीफ कार्यालय में जिला संवाददाता के रूप में कार्य कर रहे हैं. शिक्षा, सहकारिता, जिला परिषद तथा बिहारशरीफ प्रखंड की खबरें प्रमुखता से लिखते रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >