KYC Scam RBI Alert : भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने आम लोगों को केवाईसी के नाम पर होने वाली साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह दी है. आरबीआई ने बताया है कि साइबर ठग लोगों को डराने के लिए अक्सर ऐसे संदेश भेजते हैं कि केवाईसी अपडेट करें, नहीं तो आपका बैंक खाता ब्लॉक कर दिया जाएगा.
इसके बाद मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक कर केवाईसी अपडेट करने का झांसा दिया जाता है. ऐसे लिंक पर क्लिक करना खाते और व्यक्तिगत वित्तीय जानकारी को खतरे में डाल सकता है.
ठगों के फर्जी आपात स्थिति पैदा करने के हथकंडे
आरबीआई के अनुसार, ठग फर्जी आपात स्थिति पैदा कर लोगों पर तुरंत कार्रवाई करने का दबाव बनाते हैं.
वे केवाईसी, बैंक खाता बंद होने या सेवा बाधित होने का डर दिखाकर ग्राहकों से लिंक खोलने, मोबाइल ऐप डाउनलोड करने अथवा गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा करने के लिए कहते हैं. ऐसे किसी संदेश पर घबराकर तत्काल कार्रवाई करने के बजाय संबंधित बैंक या एनबीएफसी से सीधे संपर्क कर उसकी सत्यता की पुष्टि करनी चाहिए.
ठगी से बचने के लिए आरबीआई के तीन मंत्र
आरबीआई ने लोगों को सुरक्षित रखने के लिए तीन प्रमुख मंत्र बताए हैं:
- रुकें: केवाईसी अपडेट या खाता बंद होने की चेतावनी मिलने पर जल्दबाजी में कोई कदम न उठाएं.
- सोचें: संदेश में दिए गए लिंक, फोन नंबर या अन्य माध्यम से बैंकिंग जानकारी साझा करने से पहले उसकी विश्वसनीयता जांचें. किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें.
- कार्य करें: ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड पिन, इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें. जरूरत पड़ने पर अपने बैंक या एनबीएफसी के आधिकारिक माध्यम से सीधे संपर्क कर जानकारी की पुष्टि करें.
अनजान लिंक और जोखिम से बचाव
आरबीआई ने लोगों को स्पष्ट रूप से सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता जांचना जरूरी है. साइबर ठगों के जाल में फंसने से बचने का सबसे प्रभावी तरीका है कि संदिग्ध संदेशों पर प्रतिक्रिया न दें और बैंकिंग संबंधी जानकारी केवल अधिकृत माध्यमों से ही साझा करें.
Also Read : फल्गु नदी में सालभर पानी लाने का ब्लूप्रिंट तैयार, दिल्ली में मीटिंग के बाद जल्द शुरू होगी उड़ाही
वित्तीय जागरूकता और आधिकारिक पोर्टल
आरबीआई की वित्तीय जागरूकता संबंधी अधिक जानकारी के लिए आरबीआई फाइनेंशियल एजुकेशन पोर्टल पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है. आरबीआई का संदेश है-जानकार बनिए, सतर्क रहिए और साइबर ठगी से सुरक्षित रहिए.
