राष्ट्रीय तैराकी चैंपियनशिप के लिए बिहार टीम का चयन 25-26 जुलाई को राजगीर में राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा बिहार का सबसे बड़ा तैराकी चयन ट्रायल राजगीर में जुटेंगे बिहार के उभरते तैराक, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए होगा चयन राजगीर में दो दिवसीय चयन प्रतियोगिता, राष्ट्रीय तैराकी चैंपियनशिप के लिए चुने जायेंगे श्रेष्ठ खिलाड़ी फोटो - राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का इंटरनेशनल स्वीमिंग पुल. प्रतिनिधि, राजगीर बिहार के उभरते तैराकों के लिए बड़ी खुशखबरी है. स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में तथा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के सहयोग से 25 एवं 26 जुलाई को राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के अत्याधुनिक स्विमिंग पूल में 42वीं सब-जूनियर एवं 52वीं जूनियर राष्ट्रीय तैराकी चैंपियनशिप-2026 के लिए बिहार राज्य स्तरीय चयन प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी. इस प्रतियोगिता के आधार पर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए बिहार टीम का चयन होगा. बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार यह ओपन चयन ट्रायल आयोजित किया जा रहा है, जिसमें राज्य के सभी पात्र और इच्छुक तैराक भाग ले सकते हैं. चयन ट्रायल राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दो दिनों तक चलेगा. उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के लिए दोनों दिनों के आवास एवं भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की जायेगी. इच्छुक खिलाड़ी गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. आवेदन प्रपत्र बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगा. आवेदन करते समय प्रतिभागियों को अपना नाम, जिला, जन्मतिथि तथा अन्य आवश्यक विवरण सही-सही भरना होगा. आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई की शाम छह बजे निर्धारित की गयी है. इसके बाद प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जायेगा. रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन करेगा, ताकि खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए बेहतर तैयारी कर सकें. इसी चयन प्रतियोगिता के माध्यम से बिहार के सर्वश्रेष्ठ तैराकों का चयन कर उन्हें स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित 42वीं सब-जूनियर एवं 52वीं जूनियर राष्ट्रीय तैराकी चैंपियनशिप-2026 में राज्य का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा. उन्होंने राज्य के सभी पात्र तैराकों से चयन प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की. खिलाड़ियों का चयन पूरी तरह उनके प्रदर्शन, योग्यता तथा स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तकनीकी नियमों एवं पात्रता मानदंडों के अनुरूप किया जायेगा. सभी प्रतिभागियों को निर्धारित समय पर प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचना होगा. आयु प्रमाण-पत्र, पहचान-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा. प्रतियोगिता का विस्तृत कार्यक्रम और रिपोर्टिंग संबंधी दिशा-निर्देश शीघ्र जारी किये जायेंगे.
राजगीर में 25-26 जुलाई को होगी राज्य स्तरीय तैराकी चयन प्रतियोगिता
राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 25-26 जुलाई को राष्ट्रीय तैराकी चैंपियनशिप के लिए बिहार टीम का चयन ट्रायल होगा। इच्छुक तैराक 20 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।

फोटो - राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का इंटरनेशनल स्वीमिंग पुल | Prabhat Khabar Network