राजगीर थाना निरीक्षण में IG की सख्ती, लंबित कांड जल्द निपटाने और गश्ती बढ़ाने का निर्देश

पटना आईजी जितेंद्र राणा ने राजगीर थाने का गहन निरीक्षण किया. उन्होंने लंबित मामलों को समय पर निपटाने और पर्यटक शहर की सुरक्षा के लिए गश्ती बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए. गंदगी और अव्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए परिसर को सुंदर बनाने की सलाह दी.

पटना केंद्रीय प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जितेन्द्र राणा ने शनिवार को राजगीर थाना का गहन निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, पुलिसिंग की कार्यप्रणाली और लंबित मामलों की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

थाना पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने आईजी का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया, जिसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.

विभिन्न शाखाओं का जायजा, पेंडेंसी कम करने के निर्देश

आईजी ने पर्यटक थाना भवन, थानाध्यक्ष कार्यालय, हाजत, सिरिस्ता कक्ष, सीसीटीवी कैमरा कंट्रोल रूम और मालखाना सहित विभिन्न शाखाओं का बारीकी से निरीक्षण किया. उन्होंने पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों से उनके कार्यों और लंबित मामलों की जानकारी ली.

आईजी ने लंबित कांडों को अद्यतन करने तथा पेंडेंसी कम करते हुए मामलों का समयबद्ध और निष्पक्ष अनुसंधान पूरा करने के सख्त निर्देश दिए.

पर्यटक शहर की सुरक्षा प्राथमिकता, नियमित पुलिस गश्ती पर जोर

उन्होंने कहा कि विश्व प्रसिद्ध पर्यटक शहर राजगीर की सुरक्षा व्यवस्था पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और आम लोगों तथा पर्यटकों के बीच बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने को कहा.

इसके साथ ही पुलिस पदाधिकारियों को बेहतर टर्न आउट तथा अनुशासित कार्यशैली अपनाने की हिदायत दी.

गंदगी और झाड़ियों पर जताई नाराजगी, परिसर को सुंदर बनाने की सलाह

थाना परिसर, पुलिस क्वार्टर और अन्य भवनों के आसपास उगी झाड़ियों, मलबे और गंदगी को देखकर आईजी ने नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि जिस तरह लोग अपने घर-आंगन को स्वच्छ रखते हैं, उसी तरह पर्यटक थाना राजगीर का परिसर भी साफ-सुथरा और आकर्षक दिखना चाहिए.

उन्होंने जर्जर बैरकों की मरम्मत कराने, पेड़ों की छंटाई कराने, खाली भू-भाग में वॉलीबॉल कोर्ट विकसित करने और निर्माणाधीन महिला बैरक को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया.

राजगीर थाना भवन का निरीक्षण करते आईजी जितेंद्र राणा एवं अन्य | Prabhat Khabar Network

जब्त वाहनों की शिफ्टिंग और अनुपयोगी भवनों के ध्वस्तीकरण का प्रस्ताव

मालखाने के निरीक्षण के दौरान लंबे समय से पड़े जब्त वाहनों को विशेष रूप से चिह्नित स्थान पर व्यवस्थित तरीके से शिफ्ट करने का निर्देश दिया गया.

इसके अलावा क्षतिग्रस्त भवनों की सूची बनाकर रिपोर्ट तैयार करने तथा उपयोग के योग्य नहीं रह गए भवनों के ध्वस्तीकरण का प्रस्ताव भेजने को कहा. निरीक्षण के दौरान एसपी हृदयकांत, डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता, इंस्पेक्टर संजय सिंह और थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रामविलास प्रसाद

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >