Rajgir NCC Trekking Campaign : राजगीर में आयोजित होने वाले आगामी एनसीसी ट्रेकिंग अभियान की तैयारियों को लेकर एनसीसी ग्रुप मुख्यालय के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर देवकुमार सेन ने शुक्रवार को ट्रेकिंग रूट एवं विभिन्न व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान 38 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजेश बाहरी ने ग्रुप कमांडर का स्वागत किया. उन्हें प्रस्तावित ट्रेकिंग मार्ग सहित अभियान से जुड़ी तैयारियों की जानकारी दी.
कर्नल राजेश बाहरी द्वारा दी गई जानकारी
कर्नल राजेश बाहरी ने कैडेट्स के लिए निर्धारित ट्रेकिंग रूट, ठहरने की व्यवस्था, प्राथमिक चिकित्सा, पेयजल, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी. ब्रिगेडियर सेन ने मौके पर पहुंचकर पूरे मार्ग का जायजा लिया और व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की.
बटालियन की तैयारियों पर संतोष और निर्देश
उन्होंने 38 बिहार बटालियन एनसीसी द्वारा की गई तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए अभियान को सफल एवं सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि ट्रेकिंग केवल साहसिक गतिविधि नहीं, बल्कि कैडेट्स के व्यक्तित्व विकास का प्रभावी माध्यम है.
Also Read : गया जी जहरीली गैस से मौत मामले में बाकी दो शव भी कुएं से निकाले गए, मृतकों के परिवार को 4-4 लाख मुआवजा
कैडेट्स के व्यक्तित्व विकास और अनुशासन पर जोर
इससे उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित होती है. ग्रुप कमांडर ने कैडेट्स को उत्साहपूर्वक अभियान में भाग लेने और प्रकृति व ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण का संदेश देने के लिए प्रेरित किया.
निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारी और स्टाफ
निरीक्षण के दौरान बटालियन के अधिकारी, जेसीओ, एनसीसी कैडेट्स एवं प्रशासनिक स्टाफ मौजूद रहे.
