नालंदा में 80वें स्वतंत्रता दिवस की धूम, डीएम उदिता सिंह ने सोगरा हाई स्कूल मैदान में किया ध्वजारोहण

Biharsharif News : नालंदा में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया. सोगरा स्कूल के मैदान में डीएम उदिता सिंह ने ध्वजारोहण कर जिले के विकास कार्यों की जानकारी दी.

Biharsharif News : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पूरे नालंदा जिले में राष्ट्रप्रेम, उत्साह और गौरव के वातावरण में समारोह आयोजित किए गए. जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों और विभिन्न कार्यालयों में ध्वजारोहण किया गया. प्रखंड एवं अंचल स्तर पर भी सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रमों के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया. इस दौरान लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों और देश की एकता व सुरक्षा के लिए बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया.

सोगरा हाई स्कूल मैदान में हुआ मुख्य समारोह

जिला मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह सोगरा उच्च विद्यालय के मैदान में आयोजित किया गया. यहां जिला पदाधिकारी उदिता सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी और जिलेवासियों को संबोधित किया. उन्होंने जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, छात्र-छात्राओं, युवाओं और जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं. अपने संबोधन में डीएम ने नालंदा जिले में संचालित विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की.

शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में विकास कार्यों की चर्चा

जिलाधिकारी ने शिक्षा, युवा, किसान, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, सड़क एवं आधारभूत संरचना, रोजगार, पर्यटन, स्वच्छता और जल संरक्षण के क्षेत्र में जिले की उपलब्धियों को रेखांकित किया. उन्होंने बताया कि जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 20 सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय और नौ नए डिग्री कॉलेज संचालित किए जा चुके हैं. युवाओं को कौशल, रोजगार, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए माई भारत पोर्टल के माध्यम से तीन हजार से अधिक युवाओं का निःशुल्क पंजीकरण कराया गया है.

पंचायत स्तर पर सहयोग शिविरों से मिल रही सुविधा

डीएम ने कहा कि किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति देने के लिए विभिन्न योजनाओं पर काम किया जा रहा है. जनकल्याण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है. पंचायत स्तर पर आयोजित सहयोग शिविरों के माध्यम से आम लोगों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने और उनके त्वरित व पारदर्शी समाधान का अवसर मिल रहा है. उन्होंने कहा कि जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ ही स्वच्छ और सुंदर नालंदा के लिए कचरा प्रबंधन एवं जल प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित

समारोह के दौरान ‘पेंट माई सिटी’ प्रतियोगिता के विजेताओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया. जिलाधिकारी ने लोगों से स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित नालंदा के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की. उन्होंने जल और पर्यावरण संरक्षण, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा तथा आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया.

विद्यालयों और कॉलेजों में दिखा देशभक्ति का उत्साह

80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सरकारी एवं निजी विद्यालयों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में भी आजादी का जश्न उत्साह के साथ मनाया गया. विभिन्न संस्थानों में प्रमुखों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति से माहौल देशभक्ति से सराबोर रहा. कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. समारोह के बाद बच्चों और लोगों के बीच जलेबी सहित अन्य प्रसाद का वितरण भी किया गया.

केके यूनिवर्सिटी से लेकर नालंदा कॉलेज तक हुआ ध्वजारोहण

केके यूनिवर्सिटी, बेरौटी-नेपुरा में कुलाधिपति इंजीनियर रवि चौधरी ने ध्वजारोहण किया. समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए. नालंदा कॉलेज, बिहारशरीफ में प्राचार्या सुनीता सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर छात्र-छात्राओं को संबोधित किया. किसान कॉलेज, सोहसराय में सांसद कौशलेंद्र कुमार और प्राचार्य डॉ. दिव्यांशु कुमार ने ध्वजारोहण किया. केएसटी कॉलेज, सोहसराय में प्राचार्य डॉ. संजीत कुमार ने तिरंगा फहराया. उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहना चाहिए. मौके पर वरीय शिक्षक प्रो. केसरी किशोर, प्रो. कुमार उमेशचंद्र प्रसाद सिन्हा, डॉ. अजय कुमार, प्रो. कुमार उज्ज्वलानंद गिरि, डॉ. सत्येंद्र प्रसाद, प्रो. अशोक कुमार, प्रो. सुनील कुमार सिन्हा, प्रो. पीएम आनंद, प्रो. सौरभ कुमार और अन्य शिक्षक व शिक्षकेत्तर कर्मी मौजूद रहे.

विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में भी फहराया गया तिरंगा

नालंदा शोध संस्थान, नई सराय में प्राचार्य डॉ. राकेश रंजन प्रसाद ने ध्वजारोहण किया. मानस भूमि सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नालंदा में प्राचार्या अनिता कुमारी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर छात्र-छात्राओं को देशभक्ति की प्रेरणा दी. शांति मेमोरियल ग्रुप ऑफ एजुकेशन, पीर-पर, बेगमपुर में प्राचार्य जयंत कुमार ने ध्वजारोहण किया, जबकि संस्थान की अध्यक्ष सुनीता सिंह ने छात्र-छात्राओं को संबोधित किया. वर्धमान महावीर महाविद्यालय, पावापुरी में सचिव डॉ. साधु शरण सिंह और प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह ने तिरंगा फहराया. रूरल टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, शेखपुरा, चंडी में प्राचार्या डॉ. निरुपमा सिंह ने ध्वजारोहण किया. इस अवसर पर संस्थान के सचिव अरुण कुमार ने प्रशिक्षुओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं.

पावापुरी और नालंदा के संस्थानों में भी समारोह

तीर्थंकर महावीर विद्या मंदिर, पावापुरी में साध्वी संप्रज्ञा जी महाराज ने ध्वजारोहण किया. मौके पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कौशल किशोर कौशिक सहित शिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे. महाबोधि महाविद्यालय, नालंदा में प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर छात्र-छात्राओं को देशभक्ति का संदेश दिया. कैंब्रिज ग्रुप ऑफ स्कूल्स, पहड़पुरा में सचिव अरविंद कुमार ने ध्वजारोहण किया. यहां छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए.

कोचिंग संस्थानों में आयोजित हुईं प्रतियोगिताएं

लाल क्लासेस, मुसादपुर मोहल्ला में निदेशक देवी लाल ने तिरंगा फहराया. इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. सेंट जोसेफ एकेडमी, खंदकपर में निदेशक सजना जोसेफ ने ध्वजारोहण किया. वहीं सेंट जेवियर गर्ल्स हाई स्कूल, खंदकपर में सचिव पंकज कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. सुखदेव नारायण लाल बहादुर सीताराम मेमोरियल बीएड कॉलेज, मालती-अस्थावां में प्रबंध निदेशक डॉ. अर्जुन प्रसाद सिन्हा ने तिरंगा फहराया. जीडी गोयनका हेल्थकेयर एकेडमी में निदेशक इंजीनियर राजीव रंजन ने ध्वजारोहण कर छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता आंदोलन की जानकारी दी.

सरकारी कार्यालयों में भी मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

एरिस्टोटल बायोलॉजी, धनेश्वर घाट में निदेशक आशुतोष कुमार ने ध्वजारोहण किया. रोज मैरीलैंड हाई स्कूल, पैला पोखर में सचिव एमए रिजवी ने तिरंगा फहराया. जेपी ग्रुप ऑफ एजुकेशन में सचिव शैलेष कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर छात्र-छात्राओं को देशभक्ति और अनुशासन का पाठ पढ़ाया. सोगरा कॉलेज, बिहारशरीफ में सचिव सैयद जाकिर हुसैन और प्राचार्य डॉ. सैयद गुलाम मोहिउद्दीन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. जिला शिक्षा कार्यालय में जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद्र ने ध्वजारोहण किया. जिला एवं सत्र न्यायालय, नालंदा में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुशांत कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. जिला विधिक सेवा प्राधिकार में डीएलएसए सचिव राजेश कुमार गौरव ने ध्वजारोहण किया. जिला परिषद कार्यालय में अध्यक्षा कुमारी तनुजा ने तिरंगा फहराया.

विभिन्न क्षेत्रों में भी आयोजित हुए समारोह

स्मार्ट जोन कोचिंग इंस्टीट्यूट, उगावां में निदेशक मनीष कुमार, जदयू नेता भवानी सिंह, दीपनगर थाना में प्रभारी थानाध्यक्ष विमलेश कुमार पासवान, लहेरी थाना में थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक और नूरसराय थाना में थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. नालंदा डेयरी में कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार सिन्हा, मोहनपुर मत्स्य हैचरी में संचालक शिवनंदन प्रसाद, इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, धमौली में चेयरमैन सच्चिदानंद प्रसाद वर्मा और कर्पूरी छात्रावास में अधीक्षक प्रो. आनंद कुमार ने ध्वजारोहण किया. नगरनौसा के दामोदरपुर-बांदा पंचायत सरकार भवन में मुखिया ललिता देवी, मध्य विद्यालय देवधा में प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेश कुमार रमण और बिहारशरीफ बसीका नवीस संघ में अध्यक्ष चंद्रभूषण कुशवाहा ने तिरंगा फहराया. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे जिले में दिनभर राष्ट्रभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा.

Also Read : रजौली में अनियंत्रित कार ने दादा-पोती को मारी टक्कर, 5 साल की मासूम की मौत; दादा गंभीर रूप से घायल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By उज्ज्वलानंद गिरि

उज्जवलानंद गिरि वर्ष 2009 से प्रभात खबर, बिहारशरीफ कार्यालय में जिला संवाददाता के रूप में कार्य कर रहे हैं. शिक्षा, सहकारिता, जिला परिषद तथा बिहारशरीफ प्रखंड की खबरें प्रमुखता से लिखते रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >