बिहारशरीफ में स्वतंत्रता दिवस 2026 की तैयारियां शुरू, सोगरा स्कूल में फहरेगा तिरंगा, जानें किसे मिलेगा सम्मान

BiharSharif Independence Day 2026 : नालंदा जिला प्रशासन आगामी स्वतंत्रता दिवस 2026 के भव्य आयोजन के लिए पूरी तरह से तैयार है. उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्य समारोह स्थल, सुरक्षा उपायों और महत्वपूर्ण व्यक्तियों के सम्मान पर चर्चा हुई.

BiharSharif Independence Day 2026 : आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 को लेकर नालंदा जिला प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है. बिहारशरीफ में इस राष्ट्रीय पर्व को गरिमामय, सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से मनाने के लिए उप विकास आयुक्त (DDC) सुश्री सारा अशरफ की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले का मुख्य समारोह सोगरा उच्च विद्यालय परिसर में होगा. साथ ही, जिले का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं और स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित करने की रूपरेखा भी तैयार की गई है.

सोगरा उच्च विद्यालय में सुबह 9 बजे होगा मुख्य झंडोत्तोलन

बैठक में तय किया गया कि जिले का मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह सोगरा उच्च विद्यालय परिसर में पूर्वाह्न 9:00 बजे आयोजित होगा. इसके बाद समाहरणालय, जिला परिषद, डीआरडीए, अनुमंडल कार्यालय, गृह रक्षा वाहिनी कार्यालय, बिहारशरीफ नगर निगम, थाना परिसर, कारगिल पार्क, पुलिस लाइन और जिले के सभी महादलित टोलों में निर्धारित समयानुसार झंडोत्तोलन व अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

सुरक्षा, सफाई और जलजमाव पर DDC के सख्त निर्देश

उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि समारोह से जुड़ी सभी तैयारियां समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए. सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है. वर्षा ऋतु को देखते हुए संभावित जलजमाव वाले स्थलों की पहले से पहचान कर जलनिकासी की व्यवस्था करने को कहा गया है. इसके अलावा शहर की साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया.

मेधावी छात्रों, खिलाड़ियों और उत्कृष्ट कर्मियों को मिलेगा सम्मान

इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उन मेधावी छात्र-छात्राओं एवं खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने जिला, राज्य, राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नालंदा का नाम रोशन किया है. उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरकारी पदाधिकारियों और कर्मियों को भी सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है, जिसके लिए सभी विभागों से योग्य कर्मियों की सूची मांगी गई है.

स्वतंत्रता सेनानियों का होगा विशेष सम्मान

राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर जिले के सभी जीवित स्वतंत्रता सेनानियों को मुख्य समारोह में ससम्मान आमंत्रित किया जाएगा. जिला प्रशासन ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है और उन्हें इस अवसर पर विशेष सम्मान दिया जाएगा.

पदाधिकारियों की सख्त चेतावनी

बैठक में मौजूद विशेष कार्य पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और अन्य विभागों के अधिकारियों ने समारोह को सफल बनाने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का भरोसा दिलाया है. आने वाले दिनों में कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास (Rehearsal) शुरू किया जाएगा. अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि राष्ट्रध्वज और राष्ट्रगान की गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

Also Read : नूरसराय में युवक के सिर पर लोहे की रॉड से हमला, रिश्तेदारों पर लगा आरोप


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kanchan kumar

कंचन कुमार वर्ष 2009 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उत्तराखंड से शुरुआत करने के बाद दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पटना, नवादा और बिहारशरीफ में विभिन्न मीडिया संस्थानों के साथ कार्य किया. पिछले 12 वर्षों से प्रभात खबर बिहारशरीफ कार्यालय में नालंदा जिला रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं. जिला प्रशासन, खोजी एवं विशेष रिपोर्ट, जमीनी पड़ताल, विकास, जनसरोकार के मुद्दों तथा लोकसभा और विधानसभा चुनावों के गहन विश्लेषण के लिए उनकी विशेष पहचान है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >