Nalanda News : भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा एमवाई भारत (MY Bharat) के संयुक्त तत्वावधान में संचालित "विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा संकल्प" राष्ट्रव्यापी जन-भागीदारी अभियान के अंतर्गत महाबोधि महाविद्यालय, नालंदा के सभागार कक्ष में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था. कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार, सिलाव प्रखंड के प्रतिनिधि श्री राजीव कुमार तथा नालंदा थाना के प्रभारी प्रतिनिधि सहायक अवर निरीक्षक श्री बी. एन. शर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया.
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सैकड़ों स्वयंसेवक, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे. कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रव्यापी स्तर पर प्रारंभ किए गए 100 सप्ताह के "विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा संकल्प" जन-आंदोलन का उल्लेख किया गया.
बताया गया कि इस अभियान के शुभारंभ के अवसर पर देशभर के 10,000 से अधिक स्थानों पर एक करोड़ से अधिक युवाओं ने नशा मुक्ति की शपथ लेकर इस जन-आंदोलन से स्वयं को जोड़ा. यह अभियान एमवाई भारत (माई भारत) एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के नेतृत्व में आगामी 100 सप्ताह तक निरंतर संचालित किया जाएगा.
प्राचार्य का संबोधन और सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार ने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है. यदि युवा नशे से दूर रहकर सकारात्मक सोच, अनुशासन और सेवा भावना को अपनाएँ, तो विकसित भारत का सपना अवश्य साकार होगा. उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है, इसलिए प्रत्येक युवा का कर्तव्य है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और समाज में भी नशा मुक्ति का संदेश फैलाए.
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों, शिक्षकों, एनएसएस स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेटों एवं छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से "नशा मुक्त युवा संकल्प" की शपथ ली. सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए सतत जन-जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया.
प्रतियोगिताओं का आयोजन और आगामी जागरूकता गतिविधियां
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के बीच चित्रकला (पेंटिंग), भाषण एवं क्विज़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. प्रतिभागियों ने अपने विचारों एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशा मुक्ति का प्रभावशाली संदेश दिया तथा स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण का आह्वान किया.
अभियान के अंतर्गत प्रत्येक रविवार को खेलकूद प्रतियोगिताएँ, वॉकथॉन, नुक्कड़ नाटक, योग एवं ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके.
संचालन, धन्यवाद ज्ञापन और उपस्थित गणमान्य लोग
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रो. विकाश कुमार ने किया. धन्यवाद ज्ञापन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. सुधीर कुमार वर्मा ने प्रस्तुत किया. कार्यक्रम में शिक्षक प्रतिनिधि डॉ. सुधीर कुमार, प्रो. डॉ. कौशलेन्द्र कुमार, वित्तेक्षक प्रो. शशिभूषण प्रसाद, प्रो. अरुण कुमार, प्रो. आनंद मूर्ति, प्रो. डॉ. सुरेश प्रसाद, प्रो. डॉ. संगीता कुमारी, प्रो. डॉ. राजेश रंजन, प्रो. डॉ. कुमारी रेणुका सिन्हा, प्रो. डॉ. विभा सिन्हा, प्रो. डॉ. संध्या चौहान, प्रो. पल्लवी सिन्हा, अनीश राज सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, समाजहित एवं युवा शक्ति के उत्थान के संकल्प के साथ हुआ. उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में कहा कि "नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं."
