Nalanda News: नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र अंतर्गत पश्चिमी बाईपास पर गराई बिगहा गांव के पास मैजिक वाहन और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान हिलसा थाना क्षेत्र के मिया बिगहा गांव निवासी रामनिवास सिंह के 40 वर्षीय पुत्र रविन्द्र कुमार उर्फ बंटी के रूप में की गई है.
ससुराल जाने के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविन्द्र कुमार अपनी होंडा शाइन बाइक से हिलसा से एकंगरसराय की ओर जा रहे थे. इसी दौरान गराई बिगहा गांव के समीप सामने से आ रही मैजिक गाड़ी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
घटना के बाद मैजिक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. मृतक की पत्नी ने बताया कि वह बुधवार की दोपहर में अपने ससुराल 'खड्डी लोदीपुर' जाने के लिए घर से निकले थे, जिसके बाद शाम में हादसे की सूचना मिली.
एंबुलेंस की लेट-लतीफी पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि घटनास्थल से हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल की दूरी महज दो से ढाई किलोमीटर है. घटना की तुरंत सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस करीब एक घंटे बाद पहुंची. एंबुलेंस के देर से पहुंचने के कारण पुलिस को प्राइवेट वाहन से शव को अस्पताल ले जाना पड़ा.
पुलिस ने वाहनों को किया जब्त
हिलसा थानाध्यक्ष चंद्रभानु ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया है. दुर्घटनाग्रस्त मैजिक वाहन और बाइक को जब्त कर थाने लाया गया है और पुलिस हर पहलू पर मामले की जांच कर रही है.
